अब बिना लाइन में लगे मोबाइल से प्राप्त करें unreserved ticket, रेलवे ने लांच किया रेलवन एप
14 फरवरी तक एप से टिकट लेने पर तीन प्रतिशत बोनस कैशबैक की सुविधा
अयोध्या, अमृत विचार : अब यात्री बिना लाइन में लगे ही अनारक्षित टिकट प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए उत्तर रेलवे ने रेलवन एप लॉन्च किया है। इस एप से टिकट लेन पर 14 फरवरी तक तीन प्रतिशत बोनस कैशबैक की सुविधा का भी लाभ मिलेगा।
सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि यह ऐप भारतीय रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए विकसित किया गया एक आधिकारिक मोबाइल एप्लिकेशन है। इसके माध्यम से यात्री डिजिटल तरीके से रेल टिकट बुक कर सकते हैं। यात्री इससे घर बैठे ही अनारक्षित टिकट की बुकिंग कर सकते हैं।
इसमें यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग एवं आर-वॉयलेट के माध्यम से सुरक्षित भुगतान किया जा सकता है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वह इस अधिकृत ऐप के माध्यम से ही रेल यात्रा का टिकट प्राप्त करें, किसी भी अन्य भ्रामक एप से टिकट न ले, इससे यात्रा के दौरान आपके असुविधा हो सकती है।
क्यों इस्तेमाल करें रेलवन ऐप?
- बिना काउंटर पर लाइन लगाए अनारक्षित टिकट बुकिंग
- सुरक्षित और तेज भुगतान विकल्प
- लाइव ट्रेन स्टेटस, PNR चेक, कोच पोजीशन जैसी अतिरिक्त सुविधाएं
- केवल आधिकारिक ऐप से बुकिंग करें, फर्जी या अनऑफिशियल ऐप्स से बचें—वरना यात्रा के दौरान परेशानी हो सकती है।
