मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में कुलाधिपति वाटिका व सरोवर का राज्यपाल ने किया लोकार्पण, गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया जोर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

150 करोड़ की निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा

बलरामपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल मंगलवार को जनपद भ्रमण के दौरान मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में नव-निर्मित कुलाधिपति वाटिका एवं सरोवर का विधिवत लोकार्पण किया। इसके बाद राज्यपाल ने लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से संचालित विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की।

राज्यपाल का हेलीकॉप्टर पूर्वाह्न करीब 11:50 बजे पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरा। वहां से वे सीधे विश्वविद्यालय परिसर पहुंचीं, जहां विश्वविद्यालय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने प्रशासनिक भवन, एकेडमिक ब्लॉक सहित अन्य निर्माणाधीन भवनों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से और उच्च मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं।

इसके उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा शैक्षणिक नवाचार, पाठ्यक्रम विकास, सांस्कृतिक एवं धार्मिक अध्ययन तथा देवीपाटन मंडल की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विशेष प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी गई। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ शोध एवं नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाया जाना चाहिए।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने राज्यपाल को संस्थान की अब तक की उपलब्धियों एवं आगामी योजनाओं से अवगत कराया। बैठक में चैत्र नवरात्र के दौरान मुख्य प्रशासनिक भवन के संभावित लोकार्पण को लेकर भी चर्चा की गई।

संबंधित समाचार