बाराबंकी : किसान महिला नेता के हत्यारे का चला पता, खुलासा जल्द
बाराबंकी, अमृत विचार। भाकियू महिला विंग अध्यक्ष की हत्या के प्रकरण में पुलिस खुलासे के करीब पहुंच गई है। बहुत जल्द इस घटना पर पड़ा रहस्य का पर्दा उठ जाएगा। उधर मृतका के पति की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बताते चलें कि नगर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह भारतीय किसान यूनियन (अवध गुट) महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष सुनीता कश्यप का खून से लथपथ शव खजूर गांव के पास नहर के किनारे एक खेत में पड़ा मिला था। गुजर रहे ग्रामीणों ने शव देखा तो भीड़ जुट गई, वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की ससुराल असंद्रा थाना क्षेत्र के ग्राम अशरफपुर में है जबकि वह मूल रूप से जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बाबू का पुरवा की रहने वाली थी। घटनास्थल के अनुसार सुनीता के सिर पर किसी भारी चीट से वार के कई निशान मिले थे। पुलिस की जांच में यह स्पष्ट हो गया कि महिला की हत्या की गई है।
घटना के बाद जांच में जुटी पुलिस के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं, पूछताछ व सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल के बाद पुलिस खुलासे के बिल्कुल करीब है, यहां तक कि हत्यारे का पता चल गया है, बस पुलिस उसे दबोचने के प्रयास में जुटी है।
माना जा रहा कि बुधवार तक पुलिस इस मामले पर पड़ा पर्दा हटा देगी। सूत्रों की माने तो महिला का किसी से विवाद तो चल ही रहा था, वहीं उसी युवक के साथ रह भी रही थी। क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार ने बताया कि पुलिस की जांच प्रगति पर है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
वृद्धा की नहीं हुई हत्या, पीएम रिपोर्ट
शहर कोतवाली क्षेत्र के बंकी कस्बा में दक्षिण टोला में जिस वृद्धा की हत्या कर गहने लूटने का दावा किया जा रहा था, उसमें हत्या की बात स्पष्ट नहीं हुई है। दक्षिण टोला की रहने वाली शकुंतला शुक्ला 81 सोमवार को अपने घर में मृत अवस्था में मिली थीं, वहीं उनके हाथ के कंगन व कानों की बालियां गायब मिलीं। परिजनों का दावा था कि घर के पिछले दरवाजे से बदमाश आए और बुजुर्ग की हत्या कर गहने लूट ले गए। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था, जहां से मिली रिपोर्ट के अनुसार महिला पर किसी तरह का हमला नहीं हुआ न ही गला दबाया गया। अब पुलिस ने जांच की दिशा बदल दी है। सीओ सिटी संगम कुमार ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में वृद्धा की मौत स्वाभाविक है। जांच की जा रही है।
