बाराबंकी : शादी का झांसा देकर साल भर किया यौन शोसण, शादी से ठीक एक दिन पहले प्रधान पुत्र गया जेल
फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र में एक गांव की दलित युवती ने ग्राम प्रधान के पुत्र पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
यह कार्रवाई युवक की शादी से ठीक एक दिन पहले की गई, जिससे उसके परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। 23 वर्षीय पीड़िता का आरोप है कि आरोपी युवक ने उससे विवाह का वादा कर करीब एक वर्ष तक उसके साथ संबंध बनाए। इस दौरान वह गर्भवती हो गई।
आरोप है कि युवक ने दवा देकर उसका गर्भपात भी करा दिया। बाद में जब युवती को पता चला कि युवक किसी अन्य युवती से विवाह करने जा रहा है तो उसने उससे शादी की बात की, लेकिन आरोपी ने इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई की। आरोपी युवक की बारात चार फरवरी को जानी थी और शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन गिरफ्तारी से परिजनों में हड़कंप मच गया। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी जगतराम कनौजिया ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। जांच में गर्भपात कराए जाने की पुष्टि हुई है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है और मामले की विवेचना जारी है।
