कानपुर : यूपीसीए के चीफ पिच क्यूरेटर शिव कुमार का निधन, कल बरेली में होगा अंतिम संस्कार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (यूपीसीए) के चीफ पिच क्यूरेटर शिव कुमार का मंगलवार शाम हृदयगति रुक जाने से निधन हो गया। वह करीब 57 वर्ष के थे। यूपीसीए के पदाधिकारी अहमद अली तालिब ने बताया कि क्यूरेटर कुमार को आज शाम करीब चार बजे दिल का दौरा पड़ा जब वह ग्रीनपार्क मैदान पर पिच के निर्माण में व्यस्त थे। 

उन्हे पास के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उन्हे हृदयरोग संस्थान (कार्डियोलॉजी) रेफर कर दिया मगर कॉर्डियोलाजी के गेट पर ही उनकी सांसे थम गयीं। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को उनके गृह जिले बरेली में किया जायेगा। कुमार की पत्नी और बच्चे पुणे में है जिन्हे उनके निधन की सूचना दे दी गयी है। कुमार भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बाेर्ड (बीसीसीआई) में मध्य क्षेत्र के लिये परामर्श क्यूरेटर की भूमिका भी निभा रहे थे। 

बेहद कर्मठ और मिलनसार स्वाभाव के कुमार उत्तर प्रदेश के अलावा देश के कई स्टेडियमों में क्यूरेटर के तौर पर पिच निर्माण में मदद कर चुके हैं। क्रिकेट जगत की कई हस्तियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उनका पार्थिव शरीर ग्रीनपार्क स्टेडियम पर रखा गया है जहां उन्हे श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ है।  

संबंधित समाचार