सुलतानपुर : शहीद सूबेदार भूपेंद्र सिंह का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के बरुई गांव निवासी भारतीय सेना के सूबेदार भूपेंद्र कुमार सिंह जम्मू-कश्मीर के अखनूर सेक्टर में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। उनका पार्थिव शरीर सोमवार को जम्मू से लखनऊ एयरपोर्ट लाया गया, जहां से देर रात पैतृक गांव पहुंचाया गया।
शहादत की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार को बरुई घाट पर सूबेदार भूपेंद्र कुमार सिंह का पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने वीर साथी को अंतिम सलामी दी। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंतिम दर्शन के दौरान गांव में "भारत माता की जय" और "जब तक सूरज-चांद रहेगा, भूपेंद्र तेरा नाम रहेगा" के नारे गूंजते रहे। शहीद का परिवार लंबे समय से देशसेवा से जुड़ा रहा है। उनके पिता स्वर्गीय प्रसिद्ध नारायण सिंह सेना से सेवानिवृत्त थे, जबकि बड़े भाई सूबेदार रविंद्र प्रताप सिंह और छोटे भाई सत्येंद्र प्रताप सिंह भी भारतीय सेना में कार्यरत हैं।
श्रद्धांजलि देने पहुंचे जयसिंहपुर विधायक राज बाबू उपाध्याय ने शहीद के घर तक पक्की सड़क बनवाने और उनकी पत्नी को सवा लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। क्षेत्रवासियों ने कहा कि सूबेदार भूपेंद्र कुमार सिंह का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
