कानपुर : एमएसएमई एक्सपो-2026 का शुभारंभ, 87 से अधिक स्टॉल लगे
कानपुर। एमएसएमई-विकास कार्यालय, कानपुर में मंगलवार को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के तत्वावधान में दो दिवसीय वेंडर डेवलपमेंट कार्यक्रम एवं एमएसएमई एक्सपो-2026 का शुभारंभ हुआ। तीन व चार फरवरी तक चलने वाले इस आयोजन में सार्वजनिक उपक्रमों, विभागों, बैंकों और एमएसएमई इकाइयों के 87 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं।
संयुक्त निदेशक विष्णु कुमार वर्मा ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे एमएसएमई और सरकारी संस्थानों के बीच आपसी सहयोग मजबूत होगा। उन्होंने बताया कि पब्लिक प्रोक्योरमेंट पॉलिसी के तहत सरकारी उपक्रमों को 25 प्रतिशत खरीद एमएसएमई से करना अनिवार्य है।
संयुक्त आयुक्त उद्योग सुनील कुमार ने प्रदेश सरकार की औद्योगिक योजनाओं की जानकारी दी, जबकि एचएएल के उप महाप्रबंधक सुरेश चन्द्र मीणा ने सृजन पोर्टल के माध्यम से वेंडर पंजीकरण की प्रक्रिया बताई। एलिम्को के रवि रंजन और आयुध निर्माणी के वर्क्स मैनेजर संजय गुप्ता ने भी एमएसएमई इकाइयों को गुणवत्ता आधारित आपूर्ति और पोर्टल पंजीकरण के लिए प्रेरित किया।
आयुध निर्माणी द्वारा लगभग 90 प्रतिशत खरीद एमएसएमई से किए जाने की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर टी. रजनीश (डीजीक्यूए) ने कहा कि देश की जीडीपी में एमएसएमई का लगभग 30 प्रतिशत और रोजगार सृजन में 62 प्रतिशत योगदान है।
एक्सपो में एचएएल, एलिम्को, बैंक ऑफ बड़ौदा, एसबीआई, यूको बैंक सहित 82 से अधिक एमएसएमई इकाइयों ने भागीदारी की, जिसमें महिला उद्यमियों की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। चार फरवरी को क्रेता-विक्रेता सम्मेलन, तकनीकी सत्र और युवाओं के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
