Bareilly: आशंका...होटलों-रेस्टोरेंट में खपाया जा रहा मिलावटी सरसों तेल, कमिश्नर ने दिए जांच के निर्देश
बरेली, अमृत विचार। जनपद में भारी मात्रा में मिलावटी तेल के तैयार होने की शिकायतों और छापेमारी के बाद आशंका जाहिर की जा रही है कि मिलावटी तेल का इस्तेमाल होटलों और रेस्टोरेंट में खपाया जा रहा है। इस पर कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी ने होटलों व रेस्टोरेंटों में सघन जांच करने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर के निर्देश पर एफएसडीए की तीन सदस्यीय टीम गठित की गयी है। यह टीम कई दिनों तक छापेमारी कर कई बिंदुओं पर जांच करेगी। इसमें होटलों-रेस्टोरेंट में सरसों के तेल की खपत और कहां-कहां से माल मंगाया जा रहा है, यह भी जांचा जाएगा।
कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी ने साेमवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग के सहायक आयुक्त खाद्य सहित अन्य अधिकारियों के साथ मंडलायुक्त कार्यालय में बैठक की। तेल में मिलावट की आशंका पर हो रही छापेमारी के संबंध में जानकारी की। बैठक में आशंका जाहिर की गई कि मिलावटी तेल का इस्तेमाल होटलों और रेस्टोरेंट में किया जा रहा है। इस पर कमिश्नर ने सहायक आयुक्त खाद्य को होटलों और रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की सघन जांच कराने के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए।
आयुक्त के निर्देश पर सहायक आयुक्त ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी है। यह टीम लगातार कई दिनों तक होटल-रेस्टोरेंट में जांच करेगी। दरअसल, जनवरी से अब तक तेल समेत अन्य खाद्य सामग्रियों की जांच के लिए छापेमारी की जा चुकी है। मिलावट के शक में करीब 33 लाख रुपये का तेल सीज करने के साथ बिक्री पर रोक लगा दी है। इससे पहले भी परसाखेड़ा में कई अन्य इकाई में छापेमारी कर नमूने भरे गए। नमूनों को जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा गया है। करीब 15 दिन में नमूनों की जांच रिपोर्ट आने की संभावना है।
