Moradabad: महंगाई और टैक्स के बोझ के तली दबी गृहस्थी की गाड़ी को गति मिलने की उम्मीद

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। केंद्र के बाद अब सबकी नजरें प्रदेश सरकार के बजट पर टिकी है। महंगाई में कमी लाने के उपायों पर हर वर्ग की आस टिकी है। महंगाई और टैक्स के बोझ तले दबी गृहस्थी गाड़ी को प्रदेश सरकार के बजट से गति मिलने की सभी को उम्मीद है। हर वर्ग सरकार से राहत की फुहारों की आस लगाए है।

लेखाकार समग्र शिक्षा - मो. आरिफ ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा पेश किए जाने वाले बजट में हमें उम्मीद है कि सरकार महंगाई से राहत देने के लिए विशेष प्रावधान करेगी। साथ ही प्रदेश में रोजगार और व्यापार बढ़ाए जाने के लिए नई योजनाएं चलाने एवं सब्सिडी दिए जाने की मांग हम करते हैं।

जिला उपाध्यक्ष उच्च प्राथमिक अनुदेशक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन - विष्णु भारद्वाज ने बताया कि प्रदेश में 25,000 अनुदेशक प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं। सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले ने हमारी सेवाओं और ₹17,000 मानदेय पर मुहर लगा दी है। उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा पेश किए जाने वाले बजट में उम्मीद है कि सरकार न केवल इस को तत्काल प्रभाव से लागू करेगी बल्कि विगत वर्षो के एरियर के लिए एकमुश्त फंड आवंटित किया जाएगा। हम सरकार से सम्मानजनक जीवन जीने के लिए सामाजिक सुरक्षा और नियमितीकरण का मार्ग भी प्रशस्त करने की मांग करते हैं।

कंजरी सराय की स्वाति गुप्ता के मुताबिक प्रदेश सरकार के बजट में उम्मीद है कि महंगाई पर कुछ राहत मिले। रसोई गैस, दाल-तेल और रोजमर्रा की जरूरतों की चीजों के दाम कम हों तो घर का बजट संभालना आसान होगा। महिलाओं के लिए स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी योजनाओं पर खास ध्यान दिया जाना चाहिए। साथ ही सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए ठोस कदम उठाए।

रामगंगा विहार की पायल कौशिक ने बताया कि यूपी सरकार के बजट से अपेक्षा है कि महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार और स्वरोजगार को प्राथमिकता मिले। अगर स्किल डेवलपमेंट, महिला उद्यमिता और वर्किंग वुमन के लिए सुविधाओं का विस्तार होता है तो यह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम होगा।

संबंधित समाचार