Bareilly : यूपी बजट...बच्चों की पढ़ाई और मानसिक स्वास्थ्य पर फोकस, जिले के सभी परिषदीय स्कूल बनेंगे स्मार्ट
बरेली, अमृत विचार। यूपी सरकार ने पढ़ाई में बच्चों की नींव मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब कक्षा एक से लेकर आठ तक के बच्चों को स्मार्ट तरीके से पढ़ाया जाएगा। इसके लिए परिषदीय स्कूल को स्मार्ट स्कूल में तैयार किया जाएगा। इसमें पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ डिजिटल तकनीकों में प्रोजेक्टर, स्मार्ट बोर्ड, टैबलेट, एआई का उपयोग करके शिक्षा को अधिक प्रभावी और आकर्षक बनाना है। छोटी उम्र में बच्चों को जब इन तकनीकों काे सिखाया जाएगा तो उनका भविष्य और मजबूत बनेगा।
जनपद बरेली में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूल मिलाकर 2484 स्कूल हैं। राज्य सरकार अभी कक्षा एक से लेकर आठ तक के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों के बच्चों को नि:शुल्क यूनिफार्म, स्कूल बैग, जूता-मोजा एवं स्टेशनरी उपलब्ध करा रही है। अब बच्चों को भविष्य बेहतर बनाने के लिए बजट में समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत राज्य निधि से सभी प्राथमिक स्कूलों को स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस नई योजना के लिए प्रत्येक जिले को करीब चार करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे, बरेली को भी इतनी ही धनराशि मिलेगी। इधर, उच्च शिक्षण संस्थानों में मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण नीति भी लागू करने की तैयारी है। इसका लाभ जिले के बरेली कॉलेज समेत कई सरकारी उच्च शिक्षण संस्थानों को मिलेगा। इस योजना के अंतर्गत संस्थान में केंद्र की स्थापना होगी। मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण नीति छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने, प्रभावित लोगों की सहायता करने और कलंक को खत्म करने के उद्देश्य से लागू की जा रही है। इसमें स्कूल, कार्यस्थल और समुदाय सभी स्तरों पर सकारात्मक माहौल बनाना शामिल है।
स्नातक और परास्नातक में उत्कृष्ट कार्य पर मिलेगी स्कूटी
- इस बार के बजट में रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना 2026 भी लायी गयी है। इस योजना का लाभ उन छात्राओं को मिलेगा जो उच्च शिक्षा में स्नातक और परास्नातक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी। इस योजना के लिए जिला स्तर पर कमेटी बनेगी, जो उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को उनके प्रदर्शन को देखते हुए चयनित करेगी।
