एक नया बांग्लादेश: अंतरिम सरकार के प्रमुख यूनुस ने किया मतदान, बोले -मनाएं राष्ट्र का जन्मदिन
ढाका। बांग्लादेश के अहम 13वें संसदीय चुनाव के मतदान की प्रक्रिया शुरू होने के बाद देश की दो प्रमुख प्रतिद्वंद्वी पार्टियों के शीर्ष नेताओं के साथ-साथ अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने बृहस्पतिवार को अपने वोट डाले। बांग्लादेश में जटिल 84 सूत्री सुधार पैकेज पर जनमत संग्रह के साथ-साथ ये आम चुनाव हो रहे हैं।
हसीना की अब भंग हो चुकी अवामी लीग की गैरमौजूदगी में मुख्य मुकाबला बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और उसकी पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी के बीच है। बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने शेख हसीना की अवामी लीग को पिछले साल भंग कर दिया था और पार्टी के चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी थी।
देश भर में 300 में से 299 संसदीय सीट पर मतदान सुबह साढ़े सात बजे (स्थानीय समयानुसार) शुरू हुआ और शाम साढ़े चार बजे तक जारी रहेगा। मतदान खत्म होने के तुरंत बाद मतों की गिनती शुरू होने की संभावना है। बीएनपी के अध्यक्ष तारिक रहमान ने ढाका के रिहायशी गुलशन इलाके में स्थित गुलशन मॉडल स्कूल एवं कॉलेज केंद्र में अपना वोट डाला। रहमान पार्टी के प्रमुख उम्मीदवार के रूप में उभरे हैं।
रहमान ने मतदान केंद्र से बाहर निकलते हुए कहा, ''मैंने मतदान के अपने संवैधानिक अधिकार का प्रयोग किया है। बांग्लादेश की जनता एक दशक से अधिक समय से इस दिन का इंतजार कर रही थी।'' उन्होंने कहा कि सत्ता में चुने जाने पर, ''हम देश में कानून व्यवस्था में सुधार को प्राथमिकता देंगे ताकि लोग सुरक्षित महसूस करें।''
अगस्त 2024 में देशव्यापी व्यापक प्रदर्शनों में हसीना के सत्ता से हटने के बाद यह पहला आम चुनाव है। बीएनपी की पूर्व सहयोगी और अब मुख्य प्रतिद्वंद्वी जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर रहमान ने मोनीपुर उच्च विद्यालय एवं कॉलेज में अपना वोट डाला। मतदान केंद्र से बाहर निकलते हुए शफीकुर ने कहा कि अगर चुनाव निष्पक्ष तरीके से हुए तो उनकी पार्टी नतीजों को स्वीकार करेगी।
बांग्लादेश के मुख्यधारा के मीडिया में चुनाव पूर्व हेराफेरी, मतदाताओं को रिश्वत देने, मतपत्रों के फोटोकॉपी का वितरण और प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों के बीच झड़पों के आरोपों की खबरें छायी हुई हैं जिसके बाद सेना और पुलिस के संयुक्त बलों ने कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। सोशल मीडिया मंच पर मध्यरात्रि को जारी एक बयान में जमात प्रमुख ने लोगों से इन खबरों को नजरअंदाज करने का आग्रह करते हुए कहा, ''प्रिय देशवासियों, 'लैलतुल गुजब' (अफवाहों की रात) जारी है, कृपया इन पर ध्यान नहीं दें।''
अपना वोट डालने के बाद शफीकुर ने मीडिया से निष्पक्ष भूमिका निभाने का आग्रह किया। दूसरी ओर बीएनपी प्रमुख रहमान ने कहा कि उन्हें ''कल रात कुछ अप्रिय जानकारी मिली जिसकी अपेक्षा नहीं थी''। अंतरिम सरकार के प्रमुख यूनुस अपनी बेटी के साथ गुलशन क्षेत्र के एक स्कूल में बने अस्थायी मतदान केंद्र पर पहुंचे और अपना वोट डाला।
उन्होंने मीडियाकर्मियों से कहा, ''आइए हम पूरे दिन राष्ट्र का जन्मदिन मनाएं... आज हमें हर क्षेत्र में एक नया बांग्लादेश बनाने का मौका मिला है।'' इस चुनाव से यूनुस के अंतरिम प्रशासन का 18 महीने का शासन समाप्त होने की उम्मीद है, जिसने हसीना के 15 साल के शासन के खत्म होने के बाद सत्ता संभाली थी।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) एएमएम नासिरउद्दीन ने बृहस्पतिवार को कहा कि बांग्लादेश में ''2026 में दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव'' हो रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। ढाका के एस्केटन गार्डन माध्यमिक विद्यालय में बने मतदान केंद्र में वोट डालने के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा, ''हम स्थिति से खुश हैं।
