दुधारू पशुओं में थनैला रोग के उन्मूलन को गाइडलाइन जारी, पशुपालकों को मिलेगी बड़ी राहत
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश सरकार द्वारा दुधारू पशुओं में होने वाले मैस्टाइटिस (थनैला) रोग के उन्मूलन के लिए नई गाइडलाइन जारी हो गयी हैं। पशुपालन विभाग द्वारा थनैला रोग नियंत्रण एवं निदान योजना की निर्धारित गाइडलाइन के अंतर्गत गाय, भैंस, बकरी व अन्य मादा पशुओं को इस संभावित रोग से बचाया जाएगा।
पशुपालन विभाग के विशेष सचिव देवेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा ने गाइडलाइन जारी करते हुए गुरुवार को बताया कि इस रोग में पशुओं के थनों में दर्द, सूजन हो जाती है, शारीरिक तापमान भी बढ़ जाता है। स्ट्रेप्टो कॉकस बैक्टीरिया के संक्रमण से थनों में होने वाली इस बीमारी में पशुओं में दूध की मात्रा काफी घट जाती है। कई बार इलाज में देरी से पशु दूध देने की क्षमता कम या बिल्कुल देना तक बंद कर देते हैं। इससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान होता है। इस समस्या को देखते हुए नए निर्देशों में इस बीमारी के बारे में पशुपालकों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पशुपालकों को जागरूक करने के साथ ही थनैला रोग के लक्षण दिखने पर पशुपालकों को संक्रमित पशु को अन्य पशुओं से अलग रखने की सलाह दी जाती है, ताकि बीमारी का प्रसार रोका जा सके।
