Bareilly: प्रेमिका और पत्नी की हत्या में बने एक दूसरे के साझेदार, पॉलीग्राफ टेस्ट से डरकर भागे तो खुला राज

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। क्योलड़िया पुलिस ने नौ साल पहले महिला की हत्या और एक साल पहले लापता हुई किशोरी की हत्या का खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक महिला और किशोरी की हत्या के ये आरोपी पश्चिम बंगाल भागने की फिराक में थे। आरोपियों ने पॉलीग्राफी टेस्ट के डर से भागने की कोशिश की मगर पकड़े गए। पुलिस ने प्रेमिका और पत्नी की हत्या में एक दूसरे के साझेदार डॉ. बंगाली व सलीम को दबोच लिया।

दरअसल ग्राम सतवन पट्टी के रहने वाले अजीज अहमद ने 8 जनवरी 2025 को पुलिस शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 16 साल की बेटी घर से लापता है। अजीज की शिकायत पर क्योलड़िया पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश करने लगी। इसी बीच बीते साल सितंबर में कैलाश नदी किनारे गन्ने के खेत में गुथी हुई सिर की चोटी, कपड़े और हड्डियां मिलीं। पुलिस ने डीएनए टेस्ट करवाया जिसमें साबित हुआ कि दरअसल जो अवशेष मिले थे वो किसी और के नहीं बल्कि अजीज की बेटी के ही थे। लड़की के मोबाइल सीडीआर जांचा गया तो गांव का ही सलीम हुसैन पुलिस के रडार पर आ गया। किशोरी से उसकी कई बार बात हुई और घटना वाली रात भी दोनों की लोकेशन एक ही मिली।

पॉलीग्राफ टेस्ट सता रहा था सच खुलने का डर
अब पुलिस के सामने किशोरी की गुमशुदगी और उसकी हत्या में सलीम हुसैन की भूमिका स्पष्ट करा बड़ा काम था। लिहाजा कोर्ट अनुमति ली गई सलीम के पॉलीग्राफ टेस्ट की। सलीम को नोटिस भेजा गया, मगर पॉलीग्राफ टेस्ट में सच सामने आने का डर उसे सताने लगा। उसे पता चला था की पॉलीग्राफ टेस्ट में नशे का इंजेक्शन लगाया जाता है, जिसके बाद इंसान सब सच बता देता है। डर की वजह से वह लापता हो गया। पुलिस सलीम के सारे तार खंगाल रही थी इस बीच पता चला कि भौआ बाजार के रहने वाले अमित उर्फ बंगाली डॉक्टर के साथ सलीम काम करता था और दोनों पश्चिम बंगाल भागने की फिराक में थे। लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उनको दबोच लिया।

2017 में डॉ. बंगाली ने की थी पत्नी की हत्या
पुलिस की पूछताछ में डेढ़ साल पहले हुई किशोरी की हत्या का राज तो खुला साथ ही, सलीम के साथी डॉ बंगाली ने अपनी पत्नी की हत्या का राज भी कबूल दिया। सलीम की मदद से अमित ने अपनी पत्नी के साथ विवाद के चलते साल 2017 में उसकी हत्या कर दी थी। वहीं सलीम ने पुलिस को बताया कि वह अजीज की बेटी को उसके घर से बुलाकर गन्ने के खेत में ले गया था। मगर अजीज ने आकर चोर-चोर का शोर मचा दिया। वह लोग जंगल की तरफ चले गए। उसने अजीज की बेटी को वापस जाने के लिए कहा मगर वह नहीं मानी। डॉ. बंगाली के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। 

दोनों आरोपियों का है पुराना आपराधिक इतिहास
आरोप है कि पत्नी से विवाद के चलते अमित उर्फ डॉ बंगाली ने सलीम के साथ मिलकर पत्नी रजनी की कैलाश नदी किनारे गला दबाकर हत्या की और शव दफ्न कर दिया। इस संबंध में थाना भुता में मामला दर्ज था। इधर सलीम का सलीम हुसैन (22 वर्ष) पर लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमें पहले से दर्ज हैं। वर्तमान में दो हत्याओं में नामजद है। अमित उर्फ डॉ. बंगाली (मूल निवासी पश्चिम बंगाल) पूर्व में अपहरण व पॉक्सो एक्ट के मामले में नामजद पत्नी की हत्या में आरोपी है। एसपी दक्षिणी मुकेश कुमार मिश्र ने बताया कि सर्विलांस, साइबर सेल व एसओजी की संयुक्त टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

 

संबंधित समाचार