महाशिवरात्रि पर महादेव का विवाह होगा भव्य: बेटे गणेश ने भेजा पावन उपहार, भगवान विश्वेश्वर के लिए आया स्पेशल चढ़ावा
वाराणसी। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा शुरू की गई विशेष पहल के तहत विभिन्न प्रमुख तीर्थ स्थलों से भगवान श्री विश्वेश्वर महादेव के लिए पावन भेंट एवं उपहार अर्पित करने की परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है। बुधवार शाम को मुंबई के प्रसिद्ध श्री सिद्धिविनायक मंदिर से भगवान श्री विश्वेश्वर हेतु फल, पुष्प एवं अन्य पूजनीय सामग्री श्रद्धापूर्वक श्री काशी विश्वनाथ धाम भेजी गई।
इस अवसर पर श्री सिद्धिविनायक मंदिर, मुंबई से आए प्रतिनिधिमंडल डॉ. संदीप राठौर (डिप्टी सीईओ), डॉ. मधुसूदन शुक्ल (अध्यक्ष, ट्रस्टी प्रोटोकॉल), डॉ. प्रशांत मनेरिकर (पुजारी) एवं डॉ. शिवम् मिश्र ने उक्त पावन भेंट को विधिवत श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास को सौंपा।
न्यास द्वारा इसे समारोहपूर्वक स्वीकार किया गया। डॉ. संदीप राठौर, डिप्टी सीईओ, श्री सिद्धिविनायक मंदिर ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं प्रशासन द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, सुव्यवस्थित संचालन और श्रद्धालु-सेवा की सराहना की।
उन्होंने महाशिवरात्रि के इस महापर्व पर मंदिर न्यास द्वारा शुरू की गई इस नवाचारपूर्ण पहल की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि यह भगवान श्री गणेश एवं परमपिता महादेव के पावन पिता-पुत्र संबंध के आध्यात्मिक भाव को मजबूती से स्थापित करती है। उन्होंने न्यास के प्रति आभार भी व्यक्त किया। यह अभिनव पहल सनातन परंपरा में निहित भगवान श्री गणेश एवं भगवान श्री विश्वेश्वर के शाश्वत पिता-पुत्र संबंध के आध्यात्मिक स्वरूप का सशक्त प्रतीक है।
यह अवसर उपस्थित सभी के लिए अत्यंत भावपूर्ण और श्रद्धामय रहा। इस पहल ने काशी एवं श्री सिद्धिविनायक धाम के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक एकता को और अधिक मजबूत किया है। यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, समरसता तथा सनातन संस्कृति की दिव्य अनुभूति का पावन माध्यम सिद्ध हुआ।
ये भी पढ़ें :
पातालेश्वर : पांडवों के वनवास और द्रोणाचार्य की तपोस्थली से जुड़ा आस्था का केंद्र है मंदिर, धार्मिक स्थलों के कारण भी विशेष पहचान
