Kanpur: तंबाकू कारोबारी के बेटे को अदालत से मिली जमानत, पुलिस रिमांड की याचिका खारिज
कानपुर।कानपुर की एक अदालत ने 'हाई-प्रोफाइल' लैंबॉर्गिनी दुर्घटना मामले में आरोपी शिवम मिश्रा को बृहस्पतिवार को जमानत दे दी। इस मामले से जुड़े एक अधिवक्ता ने यह जानकारी दी। पुलिस ने इस सप्ताह के आरंभ में यहां वीआईपी रोड पर हुई 'हाई-प्रोफाइल' लैंबॉर्गिनी दुर्घटना के मामले में स्थानीय तंबाकू कारोबारी के. के. मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा को बृहस्पतिवार को ही गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था।
आरोपी के अधिवक्ता अनंत शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले में उसकी 14 दिन की पुलिस हिरासत मांगी थी, लेकिन अदालत ने इसकी इजाजत नहीं दी और इसके बजाय उसे 20,000 रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दे दी।
पुलिस ने इस सप्ताह की शुरुआत में कानपुर की वीआईपी रोड पर हुए 'हाई-प्रोफाइल' लैंबॉर्गिनी दुर्घटना मामले में स्थानीय तंबाकू कारोबारी के. के. मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रमुख ने यह जानकारी दी। इस हादसे में कई लोग घायल हो गए थे।
कानपुर के पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि आरोपी शिवम मिश्रा (35) को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे अदालत में पेश किया जाएगा। रविवार को दोपहर करीब तीन बजे पॉश ग्वाल्टोली इलाके में 10 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाली इतालवी लग्जरी स्पोर्ट्स कार लैंबॉर्गिनी रेवुएल्टो ने पैदल यात्रियों और वाहनों को टक्कर मार दी थी।
इस हादसे में घायल हुए लोगों में शामिल ई-रिक्शा चालक मोहम्मद तौफीक (18) ने बाद में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। हालांकि, शिवम के वकील धर्मेंद्र सिंह ने बाद में दावा किया कि तौफीक का आरोपी पक्ष से समझौता हो गया है और अब वह इस मामले में चालक के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करना चाहता।
इस मामले में बुधवार को उस समय नया मोड़ आया जब स्वयं को कार का चालक बताने वाले मोहन नाम के एक व्यक्ति ने दावा किया कि दुर्घटना के समय वाहन वही चला रहा था, न कि शिवम मिश्रा। हालांकि, पुलिस ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि जांच के दौरान जुटाए गए सबूतों से स्पष्ट रूप से साबित होता है कि जब यह हादसा हुआ, उस समय कार शिवम मिश्रा ही चला रहा था।
क्या था मामला
गौरतलब है कि पिछली आठ फरवरी को तंबाकू कारोबारी के पुत्र शिवम मिश्रा ने क्षेत्र में लैम्बोर्गिनी कार से तीन लोगों को टक्कर मारकर घायल कर दिया था। इस मामले में घायल एक व्यक्ति की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। घटना के बाद शिवम फरार हो गया था। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी ग्वालटोली संतोष गौड़ को लाइनहाजिर कर दिया था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी शिवम आत्मसमर्पण की तैयारी में है मगर उससे पहले उसे धर दबोचा गया। उन्होने बताया कि इस मामले में रविवार देर रात वाहन स्वामी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी थी जबकि मंगलवार को आरोपी के पिता कारोबारी केके मिश्रा ने पुलिस के समक्ष पेश होकर कहा था कि उनका पुत्र बेकसूर है और दिल्ली में इलाज कराने गया है। कानपुर आने पर वह पुलिस के सामने पेश होगा।
