जीवित मतदाताओं को मृत दिखाने का षड्यंत्र : पुनिया ने सरकार और चुनाव आयोग पर लगाया गंभीर आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। गुरुवार को प्रेस वार्ता में कांग्रेस के पूर्व सांसद डॉ. पीएल पुनिया ने सरकार और चुनाव आयोग पर लोकतंत्र के खिलाफ गंभीर षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं पहले कभी देखने को नहीं मिलीं। डॉ. पुनिया ने बताया कि तहसील सिरौलीगौसपुर अंतर्गत पंजरौली ग्राम सभा मजरे मैलारायगंज की महिला लज्जावती ने स्वयं जीवित होने के साक्ष्य प्रस्तुत किए, जबकि चुनाव आयोग ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।

उन्होंने यह भी कहा कि लज्जावती के घर की दूसरी महिला मुन्नी देवी को भी मृत दिखाया गया है। इसी प्रकार हैदरगढ़ तहसील के सुबेहा क्षेत्र से भी ऐसी ही शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने फॉर्म-7 के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि छपे-छपाए फॉर्म भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बीएलओ को देकर मतदाताओं के नाम कटवाने का दबाव बनाया जा रहा है, जिसका बीएलओ विरोध भी कर रहे हैं।

इस संबंध में जिलाधिकारी से शिकायत की गई है और चुनाव आयोग को चेतावनी दी गई है कि कांग्रेस पार्टी इस तरह की धांधली को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी। प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा उठाए गए मुद्दे पूरी तरह सही साबित हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से फॉर्म-7 के दुरुपयोग की शिकायतें साक्ष्यों के साथ मिल रही हैं। प्रेस वार्ता में नगर अध्यक्ष राजेन्द्र वर्मा फोटोवाला, प्रवक्ता के.सी. श्रीवास्तव (एड.), राम हरख रावत, विजयपाल गौतम सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार