कानपुर : बुझ गया घर का चिराग, ब्लैकमेलिंग से परेशान दसवीं के छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, परिजनों में कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। शास्त्रीनगर में कोचिंग के लिए निकला दसवीं का छात्र पनकी धाम स्टेशन पहुंच गया। ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। रातभर परिजन छात्र को तलाशते रहे, सुबह पोस्टमार्टम हाउस पर उसका शव मिला। एकलौते बेटे की मौत पर कोहराम मच गया।

घरवालों ने उसका आईपैड देखा तो कवर पर सुसाइड नोट लिखा मिला। … हम बहुत दूर जा रहे हैं। इसमें लड़की की कोई गलती नहीं है। मेरी गली का लड़का मुझे ब्लैकमेल करता है। उसे इसकी कड़ी सजा मिले। सुसाइड नोट देखने के बाद लोगों में आक्रोश देखकर आरोपी छात्र के घर पर फोर्स तैनात कर दी गई। 

काकादेव के शास्त्रीनगर निवासी अनिल सैनी प्राइवेट नौकरी करते हैं। परिवार में पत्नी अनीता, बेटी गुनगुन व 17 वर्षीय एकलौता बेटा अनिकेत उर्फ समीर था। अनिकेत विजयनगर स्थित एक प्राइवेट स्कूल में दसवीं का छात्र था और इलाके में रहने वाले टीचर से कोचिंग पढ़ता था। परिजनों के अनुसार इस समय परीक्षा की तैयारी के कारण टीचर रात नौ से सुबह सात बजे तक पढ़ाता था।

बुधवार रात समय से अनिकेत कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकला था। लेकिन देर रात टीचर ने अनिकेत के कोचिंग न आने की जानकारी दी। इस पर परिजन उसकी तलाश करने लगे। पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। परिजनों ने रात में ही उसकी बहन को मिला आईपैड देखा तो कवर पर सुसाइड नोट लिखा मिला। आईपैड का इस्तेमाल अनिकेत करता था। इस पर घरवाले परेशान हो गए और घटना की जानकारी काकादेव पुलिस को दी। 

सुसाइड नोट में लिखा था कि मैं मरने जा रहा हूं। इस पर परिजनों ने तलाश तेज कर दी। सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तो अनिकेत का शव देखा। एकलौते बेटे की मौत पर परिजनों कोहराम मच गया। पता चला कि छात्र ने पनकी धाम स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर जान दी है। पुलिस रात में ही शव पोस्टमार्टम को भिजवाया था। सुसाइड नोट में पड़ोसी दोस्त का नाम सामने आने पर परिजन आक्रोशित हो गए। इसे देखते उसके घर पर फोर्स तैनात की गई। काकादेव थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित परिवार से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

किस बात की ब्लैकमेलिंग 

चचेरे भाई उत्कर्ष ने बताया कि जनवरी माह में अनिकेत के स्कूल में फंक्शन हुआ था। जिसमें अनिकेत ने साथ पढ़ने वाली लड़की के साथ फोटो खिंचाई थी। उस फोटो को उसने इंस्टाग्राम पर अपलोड किया। फोटो पड़ोसी आरोपी साथी ने निकाल ली और उसे दिखाकर ब्लैकमेल करता कि लड़की के परिजनों को दिखाएगा। इस कारण वह डर गया था। बुधवार रात कोचिंग जाने से पहले भी अनिकेत उसी लड़के के पास गया था। उसकी छत पर करीब एक घंटे तक बात की। उससे कहा कि फोटो किसी को मत दिखाना। परिजनों के अनुसार यह बात उसी लड़के ने कबूली है। 

सुसाइड नोट में लिखा 

छात्र अनिकेत ने दो सुसाइड नोट की दो पर्चियां लिखी हैं। पहली पर्ची में लिखा यह गलती पड़ोसी की है, हम जा रहे हैं, यहां से बहुत दूर, हम बोल रहे हैं कि उस लड़की की गलती नहीं है। इसके बाद दूसरी पर्ची में लिखा मैं समीर सैनी हूं, मुझे मेरी गली का लड़का ब्लैकमेल करता है। मैं जा रहा हूं मरने, उसको कड़ी से कड़ी सजा मिले। इसके बाद लड़की का जिक्र किया कि उसकी कोई गलती नहीं है, उसके घर तक कोई नहीं जाएगा।

संबंधित समाचार