UP: आसमान से उतरती दुल्हन को देखने उमड़ी भीड़...हेलिकॉप्टर से विदा कराकर लाया दूल्हा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिल्सी, अमृत विचार। तहसील बिल्सी क्षेत्र के गांव सुंदर नगर में गुरुवर को उस समय उत्सव जैसा माहौल बन गया, जब एक अनोखी बारात गांव पहुंची। ग्रेटर नोएडा से दुल्हन को लेकर दूल्हा हेलीकॉप्टर से गांव आया। हेलीकॉप्टर के गांव के पास उतरते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और यह नजारा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।

गांव निवासी अमित चौहान पुत्र धर्मवीर चौहान इंजीनियर हैं। परिवार की वर्षों पुरानी इच्छा थी कि बारात कुछ अलग और यादगार हो। इसी सपने को साकार करते हुए दुल्हन को हेलीकॉप्टर से ही गांव लाया गया। बुधवार को बारात गांव सुंदरनगर से ग्रेटर नोएडा के लिए रवाना हुई थी। विवाह संपन्न होने के बाद गुरुवार दोपहर लगभग 12 बजे दूल्हा-दुल्हन हेलीकॉप्टर से गांव पहुंचे। हेलीकॉप्टर के आगमन की सूचना मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों से लोग मौके पर पहुंच गए। 

ग्रामीणों ने तालियों और फूलों की वर्षा कर दूल्हा-दुल्हन का भव्य स्वागत किया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन द्वारा हेलीपैड के आसपास बैरिकेडिंग की गई थी। वहीं पुलिस बल भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में यह पहला अवसर है जब कोई दुल्हन हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंची हो। इसे गांव के लिए गर्व और खुशी का क्षण बताया। अमित चौहान चार भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। इस अनोखी शादी ने पूरे क्षेत्र में खुशियों और उत्साह का माहौल बना हुआ है।

संबंधित समाचार