UP: अधिवक्ता की हत्या के खिलाफ संभल और अमरोहा में फूटा वकीलों का गुस्सा

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

संभल, अमृत विचार। रामपुर में वरिष्ठ अधिवक्ता फारूक अहमद खान की गोली मारकर हत्या के विरोध में गुरुवार को संभल के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए अधिवक्ताओं ने शहर के शंकर इंटर कॉलेज चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम तीन सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर हत्यारे पर एनएसए व अधिवक्ता के परिवार को एक करोड़ मुआवजा देने की मांग उठाई गई।

गुरुवार को दोपहर दो बजे बड़ी संख्या में अधिवक्ता कचहरी में एकत्र हुए और घटना के विरोध में नारेबाजी करते हुए शंकर कालेज चौराहा पर पहुंचे। यहां दिवंगत अधिवक्ता की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया। अधिवक्ताओं ने रामपुर बार एसोसिएशन के सदस्य फारूक अहमद खान की हत्या को कानून-व्यवस्था की गंभीर विफलता बताया। जोरदार प्रदर्शन कर अधिवक्ताओं ने अपने गुस्से का इजहार किया। प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं की मांग थी कि हत्यारोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लगाया जाए, मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए तथा प्रदेश में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए ‘एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट’ को तत्काल लागू किया जाए। अधिवक्ताओं का कहना था कि लगातार हो रहे हमलों से उनका कार्य करना असुरक्षित होता जा रहा है।

बार एसोसिएशन अध्यक्ष शकील अहमद एडवोकेट ने कहा कि फारूक अहमद खान रामपुर सेशन कोर्ट में नियमित रूप से वकालत कर रहे थे। उनकी दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई, जो बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अधिवक्ताओं पर जानलेवा हमले और झूठे मुकदमे बढ़ते जा रहे हैं। इन्हें रोकने के लिए ‘एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट’ अत्यंत आवश्यक है। मध्य प्रदेश और झारखंड जैसे राज्यों में यह कानून पहले से लागू है, जबकि उत्तर प्रदेश में 75 जिले और लगभग चार लाख अधिवक्ता हैं।

अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम रामानुज को सौंपा। इस मौके पर नायब तहसीलदार दीपक जुरैल और इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। प्रदर्शन में मोहम्मद इस्लाम, मुख्तार फात्मा, सरफराज नवाज, मोहम्मद उमर अली, जसवीर यादव, असद हुसैन, सुमय्या सैय्यदा, फहीम अख्तर, याहिया खान, फैसल अजीज, मौ. सादिक, सोनू गुप्ता, संकेत शर्मा, जुनैद जुबैरी, मतीन रईस सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल रहे।

अमरोहा में किया अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन
रामपुर में अधिवक्ता फारूक अहमद खान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले जिला बार एसोसिएशन के वकीलों ने अमरोहा में विरोध प्रदर्शन किया। हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की। साथ ही कहा कि परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग की है। गुरुवार को जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सलीम खान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में अधिवक्ताओं के खिलाफ हत्या, लूटपाट और मारपीट की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है। इससे अधिवक्ता समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल है। मृतक अधिवक्ता के परिवार को 1.5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक आश्रित सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करने की भी मांग की गई है। 

हसनपुर में फूटा अधिवक्ताओं का गुस्सा
रामपुर में अधिवक्ता की हत्या के विरोध में हसनपुर में तहसील बार एसोसिएशन ने प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की। रामपुर के अधिवक्ता फारूक अहमद खान की बुधवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके विरोध में गुरुवार को तहसील परिसर में वकीलों ने रोष व्यक्त करते हुए प्रदर्शन किया। राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन उप जिला अधिकारी हिमांशु उपाध्याय को सौंपा। अधिवक्ताओं ने मांग की कि आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और मृतक अधिवक्ता के परिवार को डेढ़ करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता एवं उनके परिवार की एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। इसी के साथ उन्होंने अधिवक्ताओं की सुरक्षा व्यवस्था एवं वह मुक्त माहौल देने हेतु प्रदेश में अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने की मांग की। ऐसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी गजेंद्र सिंह, महासचिव ब्रजकिशोर, ऋषि पाल सिंह चौहान, चरन सिंह, महबूब आलम, रितेश त्यागी, मनोज कुमार सक्सेना, समरपाल सिंह, ओमपाल सिंह कोहली, इसरार खान, दिनेश कुमार प्रजापति, कमल सिंह, नौशाद सहित काफी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

 

संबंधित समाचार