Barabanki Crime News : पति ने की दूसरी शादी, पहली पत्नी ने किया मुकदमा
बनीकोडर/बाराबंकी, अमृत विचार। दहेज को लेकर प्रताड़ित कर भगाई गई महिला के पैरों तले जमीन निकल गई जब उसे सोशल मीडिया के माध्यम से पति की दूसरी शादी होने की खबर मिली। इसकी पुष्टि होने पर महिला ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार असंद्रा थाना क्षेत्र के ग्राम संडवा भेलू निवासी संगीता पुत्री सीताराम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी शादी लगभग 10 वर्ष पूर्व अशोक कुमार पुत्र जमुना निवासी ग्राम मुरई थाना बदोसरांय के साथ हुई थी। विवाह के बाद वह ससुराल में रहकर पत्नी धर्म का पालन करती रही।
महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति व सास-ससुर द्वारा दहेज कम होने की बात कहकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि 1 जनवरी 2024 को उसके साथ मारपीट कर जेवरात व कपड़े छीन लिए गए और उसे घर से निकाल दिया गया। तभी से वह अपने मायके में रह रही है।
हाल ही में सोशल मीडिया के माध्यम से उसे जानकारी मिली कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है। रिश्तेदारों से पुष्टि करने पर यह बात सही पाई गई। महिला का कहना है कि पति द्वारा उसके जीवित रहते हुए दूसरा विवाह करना गैरकानूनी है और उसके साथ गंभीर अन्याय है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
ब्लैकमेलिंग से तंग आकर युवक ने दी थी जान
सुबेहा: दिल्ली में युवक के आत्महत्या करने के प्रकरण में पुलिस ने आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप के मुताबित ब्लैकमेलिंग व उत्पीड़न से तंग आकर युवक ने जान दी थी। सुबेहा थाना क्षेत्र के सरांय राजघाट वार्ड कमलेश पुत्र रघुनाथ रावत ने दी गई तहरीर में बताया कि उनका छोटा भाई नरेश दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। परिजनों के मुताबिक नरेश का गांव की ही वंदना पुत्री मातादीन के साथ लंबा प्रेम प्रसंग चल रहा था।
आरोप है कि 9 फरवरी की शाम नरेश ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसमें उसने बताया कि मोहल्ले की वंदना, उसकी मां तथा फूफा रामकेवल निवासी ग्राम पंचायत मुस्तफाबाद द्वारा फोन कर उससे पैसों की मांग की जा रही थी। पैसा न देने पर उसे और उसके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने व सामाजिक छवि खराब करने की धमकी दी गई। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक दबाव के चलते नरेश ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वाहनों से चोरी 1495 लीटर डीजल, कार समेत तीन गिरफ्तार
पेट्रोल पंप पर खड़े वाहनों से डीजल चोरी के बाद सक्रिय हुई लोनीकटरा थाना पुलिस ने 3 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 31 गैलन व 2 ड्रम में चोरी का 1495 लीटर अवैध डीजल, चोरी की घटना में प्रयुक्त एक इनोवा कार, औजार, उपकरण तथा एक तमंचा बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने पुलिस लाइन में बताया कि थाना पुलिस टीम ने पंजीकृत अभियोग से सम्बन्धित अभियुक्त मोहम्मद शोहराब पुत्र मो0 वकील निवासी पिण्डौरा करनई थाना मुसाफिर खाना जनपद अमेठी, सतीश कुमार पुत्र स्व0 छेदलाल निवासी परीवां व हरिओम पुत्र रामशंकर निवासी देवापुर थाना लोनीकटरा को हुसैनाबाद नेशनल हाईवे 56 अण्डरपास के पास से गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से चोरी का कुल 1495 लीटर अवैध डीजल, इनोवा कार, मोहम्मद शोहराब के पास से एक तमंचा आदि बरामद किया गया।
पूछताछ से पता चला कि अभियुक्त मोहम्मद शोहराब पुत्र मो0 वकील निवासी पिण्डौरा करनई थाना मुसाफिर खाना जनपद अमेठी अपने साथी सत्य प्रताप पुत्र विरेन्द्र बहादुर निवासी पिण्डौरा करनई थाना मुसाफिर खाना व राहुल पुत्र अज्ञात निवासी हरिहरपुर थाना मुंशीगंज जनपद अमेठी के साथ रात में रोड किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी की घटना को अंजाम देते हैं। चोरी किये हुए डीजल को सतीश कुमार, हरिओम की दुकान पर बेच दिया जाता है। इनके द्वारा 11 फरवरी की रात थाना क्षेत्र में दो वाहनों से डीजल चोरी किया गया था। पुलिस द्वारा शेष वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास में है।
