बाराबंकी: सड़क हादसे दो सगे भाई की दर्दनाक मौत, साथी गंभीर
निन्दूरा/बाराबंकी, अमृत विचार। घुंघटेर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में ड्यूटी कर घर लौट रहे तीन युवकों की बाइक को तेज रफ्तार डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में जहां एक घर के दो चिराग बुझ गए, वहीं मृतकों में एक तीन माह पहले ही पिता बना था।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के पीरनगर गांव निवासी अंकित यादव (24) और उनके छोटे भाई विकास यादव (20) पुत्र कमलेश यादव अपने साथी विकास (23) पुत्र सुरेश निवासी चुलिहापुरवा के साथ कुर्सी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक अलमारी फैक्ट्री में कार्यरत थे। बुधवार रात ड्यूटी समाप्त कर तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। देर रात करीब एक बजे निगोहां-बजगहनी मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस को अंकित और उनके भाई विकास मृत अवस्था में मिले। जबकि तीसरा युवक विकास घायल अवस्था में पड़ा था। उसे अस्पताल भेजा गया, जहां हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की खबर जैसे ही पीरनगर गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। अंकित और विकास अपने माता-पिता के इकलौते दो बेटे थे। अंकित की शादी हो चुकी थी और तीन माह पहले ही उसके घर बेटे का जन्म हुआ था। छोटा भाई विकास अविवाहित था। एक ही घर के दो जवान बेटों की असमय मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे में घायल युवक की मौत
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम भयारा स्थित गैस एजेन्सी के पास बुधवार देर शाम एक ऑटो चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में लवलेश कुमार (25) पुत्र स्वामी शरण निवासी ग्राम लहबड़पुरवा मजरे दतौली थाना जहांगीराबाद गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। मृतक पत्नी अनीता व दो बच्चों लवी (5) व गुनगुन (3) के साथ रहता था। बस चालक लवलेश ड्यूटी से वापस घर लौट रहा था। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
