पीलीभीत: अवैध कॉलोनी में कार्रवाई को टीम पहुंचते ही बजी घंटी और दूसरी ओर मुड़ा कार्रवाई का रुख...चला बुल्डोजर
पीलीभीत, अमृत विचार। अवैध कॉलोनियों पर शिकंजा कसने के दावों के साथ प्रशासन की ओर से शुरू किए गए अभियान की दूसरी कार्रवाई भी ठोस साबित नहीं हो सकी। सिटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में पहुंची टीम ने नकटादाना चौराहा के पास पिंक सिटी कॉलोनी के पीछे की तरफ स्थापित एक कॉलोनी पर किए गए नींव आदि निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। वहीं, नजदीक की ही एक कॉलोनी पर जेसीबी गरजते ही बताते हैं कि माननीस के कॉल की घंटी बजी और फिर आधी अधूरी कार्रवाई कर कर्तव्यों से इतिश्री कर ली गई। फिलहाल अधिकारियों का कहना है कि चिन्हित की गई करीब 15 से अधिक अवैध कॉलोनियां रडार पर हैं। उन पर आगे सख्त एक्शन लिया जाएगा।
बता दें कि पिछले कुछ समय में तेजी से शहर व आसपास के क्षेत्रों में अवैध कॉलाोनियों का मकड़जाल फैलता चला गया। इन पर कार्रवाई के नाम पर पूर्व में नोटिस जारी किए और फिर जिम्मेदार भूल गए। बीते दिनों माधोटांडा रोड पर नए बाइपास के पास 12 लोगों को पकके निर्माण करनेपर नोटिस जारी किए गए। निर्माण कार्य ध्वस्त करने की चेतावनी भी दी गई थी। इसी स्थान पर कई नई कॉलोनियां भी अवैध तरीके से विकसित की जा रही है। इन पर कार्रवाई करने की बात बीते दिनों की गई। शुक्रवार को जब प्रशासन की टीम निकली तो माना जा रहा था कि माधोटांडा रोड पर स्थित कॉलोनियों पर शिकंजा कसेगा। मगर, ये मुहिम अचानक तब्दील हुई और सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर की अगुवाई में टीम नकटादाना चौराहा के पास पिंक सिटी कॉलोनी के पीछे की तरफ पहुंची। नगरपालिका की जेसीबी इस बार भी नहीं मिल सकी। किराए पर जेसीबी मंगवाई गई। पुलिस बल भी साथ रहा। बताते हैं कि पहले टीम ने एक अवैध कॉलोनी पर हुए निर्माण कार्य को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। कुछ हिस्से के छिटपुट निर्माण पर जेसीबी चल सकी थी कि अचानक टीम आगे की ओर बढ़ गई। बताते हैं कि एक माननीय की कॉल के बाद यहां पर कार्रवाई को आधा अधूरा ही छोड़ दिया गया। फिर कुछ दूरी पर पहुंचकर टीम ने एक जगह विकसित की जा रही कॉलोनी पर कार्रवाई की। यहां पर टीम करीब एक घंटा रुकी और जेसीबी से परिसर में किए गए छिटपुट निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त कर कर्तव्यों से इतिश्री कर ली गई। हालांकि बताते हैं कि यहां पर हुई कार्रवाई का अधिक असर कॉलोनाइजर पर नहीं पड़ा। वह तो पहले ही अधिकांश प्लाट बेच चुका है। फिर टीम लौट गई। इस दौरान खलबली मची रही।
