कॉर्बेट में मॉक ड्रिल का आयोजन: जंगलों को आग से बचाने की तैयारियां शुरू, फायर सीजन को लेकर त्वरित कार्रवाई करेगा प्रशासन
रामनगर। उत्तराखंड में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में 18 फरवरी को प्रस्तावित वनाग्नि मॉक ड्रिल से पहले एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक राहुल मिश्रा ने बताया कि बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना और मॉक ड्रिल को सफलतापूर्वक संपन्न कराना था। उन्होंने कहा कि यह बैठक कॉर्बेट प्रशासन, रामनगर वन प्रभाग, तराई पूर्वी वन प्रभाग तथा रामनगर प्रशासन सहित सभी संबंधित लाइन विभागों के साथ संयुक्त रूप से आयोजित की गई।
उपनिदेशक ने बताया कि बैठक में मॉक ड्रिल के दौरान अपनाई जाने वाली कार्ययोजना, संभावित चुनौतियों और संसाधनों की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गई,साथ ही यह भी समीक्षा की गई कि किन संसाधनों की कमी है और उन्हें समय रहते कैसे पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि 18 फरवरी को कॉर्बेट के धनगढ़ी क्षेत्र में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी,इसका उद्देश्य वनाग्नि की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
मॉक ड्रिल के माध्यम से विभिन्न विभागों की प्रतिक्रिया क्षमता, समन्वय और आपातकालीन प्रबंधन की तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा। श्री राहुल मिश्रा ने स्पष्ट किया कि आने वाले फायर सीजन को ध्यान में रखते हुए यह अभ्यास बेहद महत्वपूर्ण है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वन विभाग और प्रशासन पूरी तरह तैयार रहे,प्रशासन का लक्ष्य है कि मॉक ड्रिल के जरिए संभावित खामियों को पहले ही पहचान लिया जाए और उन्हें दूर कर वास्तविक परिस्थितियों में नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
