हल्द्धानी में डबल मर्डर से सनसनी, सहम गया शहर
संवाददाता, हल्द्वानी
अमृत विचार: हल्द्वानी के गल्ला मंडी में देर रात सनसनीखेज डबल मर्डर की वारदात को अंजाम दिया गया। बरसों बाद हल्द्वानी में इस तरह की हुई हत्या से शहरवासी भी चकित और आशंकित हैं। युवक व युवती की निर्मम हत्या कर दी गई। दोनों के सिर व मुंह को पत्थर से बुरी तरह कुचला गया है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार जिनकी हत्या की गई उनमें 31 वर्षीय निवासी अल्मोड़ा लोहर माल रोड तल्ला खोलटा शुभम टम्टा और युवती 19 वर्षीय लक्ष्मी निवासी तल्ली पोखरी नैनीताल बताई जा रही है।

स्थानीय पुलिस के मुताबिक, गुरुवार की सुबह उन्हें करीब साढ़े सात बजे डायल 112 पर गल्ला मंडी में स्थित गोदामों के पास युवक व युवती की लाश पड़ी होने की सूचना मिली दोनों के शरीर के पास खून से सने हुए पत्थर भी मिले हैं। दोनों का सर पत्थरों से बुरी तरह कुचला पाया गया। युवक के पास से पुलिस को एक चंपावत व अल्मोड़ा के आधार कार्ड मिले हैं, वहीं युवती नैनीताल की बताई जा रही है। पुलिस अभी दोनों शवों के पहचान पत्रों की जांच कर रही है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। घटनास्थल पर एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने भी निरीक्षण किया। जिसपर उन्होंने बताया कि हत्या करने वालों को पकड़ने के लिए टीमें लगा दी गई हैं। मृतक युवक व युवती के बारे में तस्दीक की जा रही है कि वह हल्द्वानी में क्या कर रहे थे। कब से यहां रह रहे थे। दोनों का बैकग्राऊंड क्या है। युवक के शव के पास से निरोध, लाइटर, पर्स पड़ा हुआ मिला है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक नशेड़ी का होना बताया जा रहा है। छानबीन के दौरान घटनास्थल पर भारी भीड़ जुटी रही। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि दोनों युवक-युवती की हत्या का कारण तलाश जा रहा है। उनके पास से मिली आईडी से उनकी पहचान हो रही है।
