महाशिवरात्रि : शिवालयों में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, भोलेनाथ जयघोष से गूंजेगा शहर, प्रशासन अलर्ट 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

गोंडा, अमृत विचार: महाशिवरात्रि पर्व को लेकर जिले भर में उत्साह चरम पर है। रविवार को शिवालयों और मंदिरों में बाबा भोलेनाथ का दरबार सजेगा और लाखों श्रद्धालु हर-हर बम-बम के जयघोष के साथ जलाभिषेक कर अपनी मनोकामना पूर्ण होने का आशीर्वाद मांगेंगे। सुबह चार बजे से मंदिरों के कपाट खुल जाएंगे और देर रात तक पूजा-अर्चना व जलाभिषेक का सिलसिला जारी रहेगा। शहर के ऐतिहासिक दुखहरणनाथ मंदिर से शाम को आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शिव बारात निकाली जाएगी, जिसमें हाथी-घोड़े समेत विभिन्न वेशभूषा में सजे शिव बराती आकर्षण का केंद्र होंगे।

महाशिवरात्रि को देवाधिदेव महादेव की आराधना की पावन रात्रि माना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। इसी उपलक्ष्य में यह पर्व मनाया जाता है। इस दिन अविवाहित कन्याएं योग्य वर की कामना से व्रत रखती हैं, जबकि सुहागिन महिलाएं अपने पति और परिवार की दीर्घायु व सुख-समृद्धि के लिए निर्जला व्रत रखकर पूजा करती हैं। श्रद्धालु शिवलिंग पर बेलपत्र, बेर, धतूरा आदि अर्पित कर भगवान शिव से क्षमा याचना करते हैं।

मुख्यालय स्थित दुखहरणनाथ मंदिर और खरगूपुर के बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर के अलावा वजीरगंज के बाबा बालेश्वरनाथ मंदिर, करनैलगंज के बाबा बरखंडीनाथ मंदिर तथा मनकापुर के करोहानाथ मंदिर में भी भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। मंदिरों को फूल-मालाओं और आकर्षक रोशनी से सजाया गया है।

श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिरों की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। शिवालय परिसरों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी, वहीं महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल भी मुस्तैद रहेगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति व व्यवस्था बनाए रखते हुए दर्शन-पूजन करने की अपील की है।

ये भी पढ़ें : 
स्वामी जितेन्द्रानंद ने अखिलेश यादव के बयान की निंदा, बोले- 'भाषाई मर्यादा को ध्यान में रखते हुए कीजिए राजनीति' 

संबंधित समाचार