बाराबंकी : नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुरलीजनों पर हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार भोर एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बेटी के घर पहुंचे मृतका के पिता ने ससुरलीजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम भवानीगंज निवासी इंद्रसेन की पुत्री नीलम 22 की शादी 30 अप्रैल 2025 को विजय पुत्र गोकरन निवासी हरबंशपुरवा मजरे मोहम्मदपुर थाना देवा के साथ हुई थी। शनिवार तड़के नीलम की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतका के पति इंद्रसेन ने बताया कि उन्हें ससुराल पक्ष से फोन पर सूचना मिली कि नीलम की तबीयत अचानक गंभीर रूप से खराब हो गई है।

इस सूचना के लगभग एक घंटे बाद ही उन्हें नीलम की मौत की खबर मिली। ससुराल पहुंचने पर परिजनों ने नीलम के गले पर निशान देखे, जिससे उन्हें हत्या का संदेह हुआ। सूचना मिलते ही सीओ सिटी संगम कुमार, देवा कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी तथा चौकी प्रभारी विशुनपुर संजय प्रसाद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

मृतका के पति विजय ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब चार बजे वह काम पर जाने के लिए उठा तो नीलम उसके पैरों के पास लेटी हुई थी। उसे जगाने का प्रयास किया, लेकिन वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही थी। इसके बाद परिजन उसे सीएचसी देवा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

मायके पक्ष के लोगों ने हंगामा करते हुए ससुराल पक्ष पर नीलम की हत्या का आरोप लगाया और पुलिस को तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार