बाराबंकी : फर्जी पीसीएस अधिकारी बनकर 48 लाख ठगा, धोखाधड़ी व जालसाजी का मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। खुद को उत्तर प्रदेश सरकार में विशेष सचिव व सीनियर पीसीएस अधिकारी बताकर योजना में निवेश के फायदे के नाम पर एक व्यक्ति से 48 लाख रुपये ठग लिए गए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित पुलिस के पास गया। वहां कोई सुनवाई न होने पर उसने कोर्ट का सहारा लिया। 

शहर कोतवाली क्षेत्र में आवास विकास कालोनी निवासी उत्कर्ष वर्मा ने कोर्ट को बताया कि दो वर्ष पूर्व उनकी मुलाकात लखनऊ निवासी सूर्य प्रकाश सैनी से एक वैवाहिक समारोह में हुई। सैनी ने स्वयं को प्रदेश सरकार में विशेष सचिव और सीनियर पीसीएस अधिकारी बताया।

आरोप है कि सूर्य प्रकाश सैनी ने विकास भवन रोड स्थित 5000 वर्गफीट के प्लॉट पर मार्केट निर्माण की योजना बताकर उसमें 4500 वर्गफीट का हॉल जिम के लिए देने का प्रस्ताव रखा। इसके लिए पहले निवेश करने को कहा गया। विश्वास दिलाने के लिए वह उसे और अन्य लोगों को अपनी कथित सरकारी कार से सचिवालय ले गया और वहां पूरी प्रक्रिया समझाई। 

उसने अपने तथा अन्य साथियों से धन एकत्र कर आरटीजीएस, जीपीए और नकद के माध्यम से करीब 28,60,600 रुपये बैंक खाते से और लगभग 20 लाख रुपये नगद दो वर्षों में आरोपी को दिए। नकद राशि लेने के लिए आरोपी अपनी कार से बाराबंकी आता था।

समय बीतने के बाद न तो कोई निर्माण कार्य शुरू हुआ और न ही रजिस्ट्री की गई। आरोप है कि जब उसने संपर्क करना चाहा तो आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। बाद में जानकारी मिली कि आरोपी के विरुद्ध गौतम पल्ली थाना में धोखाधड़ी व जालसाजी का मुकदमा दर्ज है और वह गिरफ्तार भी हो चुका है।

संबंधित समाचार