कानपुर एसआईआर : कई मतदाताओं के मोबाइल स्विच आफ, टेंशन में बीएलओ, लगा रहे घर के चक्कर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर, अमृत विचार। एसआईआर का समय समाप्त हो गया है लेकिन जिन मतदाताओं को नोटिस दी गई है, उनसे कागजात मांगे जा रहे हैं और इसीलिए कई मतदाता मोबाइल स्विच आफ करके बैठ गये हैं जिससे बीएलओ परेशान हैं और उनके घर के चक्कर लगा रहे हैं।

एसआईआर ग्रुप में कुछ बीएलओ ने नाम पता समेत पूरा विवरण डाल दिया है और मतदाताओं से जानकारी ले रहे हैं कि इनको कोई जानता हो तो बीएलओ की मदद करे। दरअसल बीएलओ ने जिन्हें नोटिस थमाई है और जिन मतदाताओं से कागजात मांगे गये हैं, उनमें बड़ी संख्या में मतदाताओं ने नोटिस का जवाब नहीं दिया है। ऐसे लोगों का जवाब लेने के लिए बीएलओ उनके घर के चक्कर लगा रहे हैं क्योंकि तमाम लोगों ने अपने मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया है। 

कई विधानसभा क्षेत्र में नोटिस मिलने वाले कई मतदाता ऐसे हैं जिन्होंने नोटिस का जवाब नहीं दिया है, अब उनका पता लगाया जा रहा है तो कुछ पता नहीं चल रहा है, जो मोबाइल नंबर दिया गया है, वह बंद है। बीएलओ का कहना है कि कुछ दिनों तक इंतजार करेंगे, यदि नोटिस का जवाब नहीं मिलेगा तो अपने अधिकारी को पूरी रिपोर्ट सौंप देंगे।

बताते चलें कि कानपुर के 10 विधानसभा क्षेत्रों मे 3770 मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का रिवीजन हुआ जिसमें सभी बूथों पर बीएलओ मौजूद रहीं और अभी भी ये कार्य चल रहा है, बीएलओ बूथों पर बैठते हैं ताकि कोई मतदाता छूटने नहीं पाए। यदि 1 जनवरी 2026 को आपकी 18 वर्ष पूर्ण हो गई है तो आपके लिए मतदाता बनने का सुनहरा मौका है, आप अपने बीएलओ या फिर ऑन लाइन आवेदन करके मतदाता बन सकते हैं।

संबंधित समाचार