UP: वैलेंटाइन पर युवाओं ने गिफ्ट गैलरियों से खूब खरीदे उपहार, गुलाब देकर किया प्यार का इजहार
रामपुर, अमृत विचार। 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे पर युवाओं ने गिफ्ट गैलरियों से खूब उपहार खरीदे। गुलाब के फूलों और गुलदस्तों की भी खूब बिक्री हुई। दुकानदारों के चेहरे खिल गए। युवाओं ने एक दूसरे को फूल देकर, गुलदस्ता तो किसी ने गले लगाकर प्यार का इजहार किया। शहर के रेस्तरां और होटलों में युवाओं के पहुंचने से खूब रौनक रही।
वैलेंटाइन वीक में हर रोज नया अहसास और नया उपहार देकर प्यार का इजहार किया गया। युवाओं ने रोज डे, चॉकलेट डे, हग डे, टेडी डे आदि दिनों को पार्टनर के साथ मनाया। 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे मनाया। दिन भर युवाओं का प्यार का इजहार करने का सिलसिला चलता रहा। शनिवार को वैलेंटाइन डे यानी प्यार करने वालों का दिन था, गुलाबी मौसम में युवाओं ने प्यार का इजहार किया। शहर की गिफ्ट गैलरियों में युवाओं का जमावड़ा लगा रहा।
एक तरफ जहां वैलेंटाइन डे पर युवा वर्ग अपने साथी को दिल की बात कहने के लिए तरह-तरह के प्रतीकात्मक गिफ्ट खरीदे। युवाओं की पसंद को देखते हुए गिफ्ट गैलरियों में भी कई तरह की वैरायटियों की भरमार थी। गुलाब का फूल, टेडी बियर, डेकोरेशन गिफ्ट, लव बर्डस, कपल शो पीस, ग्रीटिंग कार्ड आदि चीजें बड़ी संख्या में सजाई गईं थीं। सिविल लाइंस स्थित जनरल स्टोर संचालक गुरमीत सिंह ने बताया कि इस बार युवाओं में लाल गुलाब की खास मांग रही। बताया कि उनकी दुकान पर 10 रुपये से लेकर 150 रुपये तक गुलाब का फूल, 30 से लेकर 1000 रुपए तक का परफ्यूम और 50 रुपये से लेकर 5 हजार रुपये रुपए तक के गिफ्ट उपलब्ध हैं।
नवविवाहितों ने भी वैलेंटाइन पर दिए उपहार
नवविवाहित जोड़ों भी एक दूसरे को दिल की उमंगें जाहिर करने के लिए खरीदारी करते रहे और अपनी लाइफ पार्टनर को मस्त उपहार दिए। नवविवाहित राकेश कुमार बताते हैं कि उनकी शादी को कुछ दिन हुए हैं। पत्नी को वैलेंटाइन डे पर सरप्राइज देने के लिए घर में पार्टी का प्रबंध किया है।
