Bareilly : खण्डेलवाल एडिबिल ऑयल पर छापा, 31.55 लाख का तेल सीज
बरेली, अमृत विचार। शासन के निर्देश पर तेल में मिलावट के खेल पर अंकुश लगाने के लिए शाहजहांपुर और बरेली के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने 27 दिन में दूसरी बार फरीदपुर के गौसगंज सराय स्थित खण्डेलवाल एडिबिल ऑयल प्राइवेट लिमिटेड में छापा मारा। मिलावट होने के शक में कई ब्रांडों के नाम से बेचे जाने वाले तेल के टैंकों से आठ नमूने भरे। इस दौरान 22273 किलोग्राम तेल सीज कर दिया, जिसकी कीमत 31.55 लाख रुपये बतायी गई है। इस कार्रवाई से तेल कंपनियों में खलबली मची है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त के निर्देश पर शाहजहांपुर और बरेली के अधिकारियों की टीम ने कई घंटे खण्डेलवाल एडिबिल ऑयल फैक्ट्री में रहकर जांच की। अधिकारियों ने न्यूट्रिप्लस रेपसीड ऑयल, रिफाइंड पामोलिन ऑयल, रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, रिफाइंड सोयाबीन क्लासिक पैक्ड, रिफाइंड मल्टीसोर्स एडिबल ऑयल, रिफाइंड राइसब्रान ऑयल, मस्टर्ड ऑयल, चक्रा ब्रांड मस्टर्ड ऑयल के तेल की जांच कर मिलावट के शक में आठ नमूने भरे। न्यूट्रिप्लस रेपसीड ऑयल में ज्यादा गड़बड़ी पर 1485 कंटेनर (प्रत्येक 15 लीटर) यानि करीब 22273 किलोग्राम तेल सीज कर दिया।
अधिकारियों ने फैक्ट्री मालिक काे निर्देश दिए हैं कि जिन टैंक से नमूने संग्रहित किये गये हैं, रिपोर्ट आने तक उनका माल प्रोसेस, बिक्री और पैकिंग में प्रयोग न करें। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। छापा मारने वाली टीम में शाहजहांपुर के सहायक आयुक्त (खाद्य) सेकेंड चन्द्र शेखर मिश्रा, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी बागेश मणि त्रिपाठी, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी बरेली अक्षय गोयल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी शाहजहांपुर सौरभ सोनी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील सचान, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश, खाद्य सुरक्षा अधिकारी हिमांशु सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योत्सना त्रिपाठी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेन्द्र कुमार व इन्द्रजीत सिंह शामिल रहे।
27 दिन पहले भी छापा मारकर 2.30 लाख का तेल किया था जब्त
बरेली : खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त एवं डीएम के निर्देश पर टीमों ने 19 जनवरी को गौसगंज सराय स्थित खण्डेलवाल एडिबिल ऑयल के खाद्य तेल पैकेजिंग इकाई पर छापा मारा था। मिलावट की आशंका पर परिसर में भंडारित सरसों का तेल (माया ब्रांड नेपाल में निर्मित) के 15 किलोग्राम के टीन को खोलकर नमूना संग्रह किया। अवशेष 110 टीन (प्रत्येक टीन 15 किलो) जिसका बाजार मूल्य 230000 रुपये को जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक विक्रय को प्रतिबंधित कर दिया। परिसर में ही भंडारित रैपसीड ऑयल (साजन ब्रांड नेपाल में निर्मित) का नमूना संग्रह कर 30 टीन, जिसका बाजार 63000 रुपये की बिक्री पर रोक लगाई और नमूने भरे गए।
