जौनपुर : यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारियां पूरी, 206 परीक्षा केंद्रों पर होंगी हाईस्कूल व इंटर की परीक्षायें 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में 18 फरवरी से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 206 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार परीक्षाएं पूर्णतः नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराई जाएंगी।

किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के संगोष्ठी भवन में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा 2026 को सकुशल संपन्न कराने के लिए समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 

बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों पर समय से उपस्थित रहकर परीक्षा की समुचित निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने का संकल्प भी दिलाया।

जिलाधिकारी ने बताया कि परिषद के निर्देशानुसार हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का आयोजन 18 फरवरी से 12 मार्च तक दो पालियों में किया जाएगा। प्रथम पाली प्रातः 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:00 बजे से 5:15 बजे तक होगी। जनपद में हाईस्कूल के कुल 77,042 तथा इंटरमीडिएट के 77,080 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। 

उन्होंने बताया कि परीक्षा संचालन के लिए 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 206 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त रिजर्व अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। किसी भी समस्या की स्थिति में विभागीय कंट्रोल रूम के नंबर 7905471191 और 9451962481 पर संपर्क किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने, परीक्षा केंद्रों का नियमित पर्यवेक्षण करने तथा परीक्षा से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। 

उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और केंद्र प्रबंधन की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निष्ठा, गंभीरता और सजगता से अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानन्द झा, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश यादव, विवेक कुमार, समस्त सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, कंट्रोल रूम प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें : 
जनता दर्शन में बोले सीएम योगी, गलत जांच रिपोर्ट लगाने वालों पर दर्ज हो प्राथमिकी

संबंधित समाचार