नोएडा मेट्रो विस्तार को मोदी कैबिनेट ने दी मंजूरी : बॉटेनिकल गार्डन बनेगा बड़ा इंटरचेंज, मार्च 2026 से शुरू होगा काम

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी से सटे नोएडा में बॉटनिकल गार्डन से नोएडा सेक्टर 142 तक मेट्रो के 11.56 किलोमीटर लंबे विस्तारित गलियारे को मंज़ूरी प्रदान की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में यहां शुक्रवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस योजना को मंजूरी प्रदान की गयी, जिसकी जानकारी सूचना एवं प्रसारण तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को दी। वैष्णव ने मंत्रिमंडल की बैठक में लिये गये फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि मंत्रिमंडल ने नोएडा मेट्रो रेल परियोजना के बॉटनिकल गार्डन से नोएडा सेक्टर 142 तक विस्तारित गलियारे को मंज़ूरी दी है। यह गलियारा 11.56 किलोमीटर लंबा होगा और इसमें आठ एलिवेटेड स्टेशन होंगे। 

इस गलियारे के चालू होने पर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सक्रिय मेट्रो रेल नेटवर्क 61.62 किमी का हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इस गलियारे का निर्माण यहां के अवसंरचना विकास में एक बड़ी तरक्की है और शहर में मेट्रो रेल नेटवर्क के बड़े विस्तार के तौर पर काम करेगा। उन्होंने बताया कि नयी योजना पूरी होने से सार्वजनिक परिवहन में काफी सुधार होगा। अभी जहां भी अच्छे सम्पर्क की कमी है उसमें सुधार होगा और ज़्यादा मांग वाले गलियारे के साथ सीधा सम्पर्क स्थापित करेगा। 

वैष्णव ने बताया कि इसका मकसद नोएडा के खास क्षेत्र को जोड़ना है, जिसमें कई वाणिज्यिक केंद्र जैसे

सेक्टर-142 में उन्नत व्यापार पार्क, सेक्टर-98 में स्काईमार्क वन मॉल, सेक्टर-93 में मॉल ऑफ़ नोएडा,

सेक्टर-145 में माइक्रोसॉफ्ट, सेक्टर-157 में टीसीएस, सेक्टर-126 में हैवेल्स, सेक्टर-132 में इंफोसिस,

सेक्टर-135 में कॉग्निजेंट, सेक्टर-132 में एडोब और सेक्टर-127 में ओरेकल शामिल हैं। इस मार्ग पर कई

बहुराष्ट्रीय निगम या बहुराष्ट्रीय कंपनी (एमएनसी) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) केंद्र स्थित हैं। उन्होंने बताया कि इसके साथ इस गलियारे में सेक्टर-125 में एमिटी यूनिवर्सिटी, सेक्टर-91 में पंचशील बालक इंटर कॉलेज, सेक्टर-44 में महामाया बालिका इंटर कॉलेज जैसे शैक्षिण संस्थान, सेक्टर-128 में मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल जैसे स्वास्थ्य केंद्र, बॉटैनिकल गार्डन, सेक्टर-93 पार्क जैसे बड़े पर्यटन स्थल हैं। उन्होंने कहा कि इन ज़रूरी इलाकों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़कर नोएडा सेक्टर 142 से बॉटैनिकल गार्डन (नोएडा) तक विस्तारित गलियारा न सिर्फ यातायात के सम्पर्क को बढ़ाएगा बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। 

उन्होंने बताया कि एक अच्छे वैकल्पिक रोड परिवहन के तौर पर मेट्रो रेल और नोएडा सेक्टर 142 से बॉटनिकल गार्डन (नोएडा) तक विस्तारित गलियारे के साथ नोएडा और ग्रेटर नोएडा शहर में मेट्रो रेल नेटवर्क के विस्तार से यातायात जाम कम होने की उम्मीद है। सड़क यातायात कम होने से गाड़ियों की आवाजाही आसान हो सकती है, यात्रा का समय कम हो सकता है और पूरी सड़क सुरक्षा बढ़ सकती है। 

सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने बताया कि नोएडा सेक्टर 142 से बॉटनिकल गार्डन (नोएडा) तक विस्तारित गलियारा जुड़ने से नोएडा मेट्रो रेल परियोजना और नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा शहर में कुल मेट्रो रेल नेटवर्क बढोगा और इससे पारंपरिक जीवाश्म ईंधन आधारित परिवहन की तुलना में कार्बन उत्सर्जन में काफी कमी आ सकती है। उन्होंने कहा कि इस गलियारे से शहर के अलग-अलग हिस्सों से दिल्ली के हवाई अड्डा, दिल्ली के रेलवे स्टेशनों और अलग-अलग बस डिपो जैसे परिवहन केंद्रों तक बेहतर पहुंच आसान होगी और लोगों को अपने काम की जगहों और अन्य स्थलों तक आसानी से पहुंचने की सुविधा मिलेगी। 

बेहतर सम्पर्क स्थापित होने से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिल सकता है, खासकर नए मेट्रो स्टेशनों के पास के इलाकों में, जिससे पहले कम पहुंच वाले इलाकों में भी निवेश और विकास हो सकता है। उन्होंने कहा कि नोएडा सेक्टर 142 से नोएडा में बॉटनिकल गार्डन (नोएडा) मेट्रो रेल नेटवर्क तक विस्तारित गलियारे से सार्वजनिक परिवहन तक ज़्यादा पहुंच मिलेगी, जिससे अलग-अलग सामाजिक-आर्थिक समूह को फ़ायदा होगा और परिवहन में अंतर कम होगा। इससे आने-जाने का समय कम होगा और ज़रूरी सेवाओं तक पहुंच बेहतर होगी, जिससे जीवन की क्वालिटी बेहतर होगी। 

उन्होंने कहा कि इससे आने वाले समय में बड़े बदलाव के लिए कारगर साबित होगा। इससे बेहतर सम्पर्क, यातायात जाम कम होने, पर्यावरण को फ़ायदा, आर्थिक विकास और जीवन की गुणवत्ता बेहतर होगी। शहर की मुख्य चुनौतियों का समाधान करके और भविष्य में विस्तार के लिए एक आधार देकर, यह शहर के विकास की राह औरवहनीयता को आकार देने में अहम भूमिका निभाएगा। 

संबंधित समाचार