'व्यक्तिगत लाभ के लिए जातियों में बट रहे लोग', धार्मिक कार्यक्रम में बोले बृजभूषण

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। क्षेत्र के दुल्हादेपुर स्थित श्री राम जानकी मंदिर बजरंग व्यायाम शाला में महंत बाबा बलराम दास द्वारा आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शनिवार को पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह पहुंचे। उन्होंने राजनीतिक क्षेत्र में बढ़ते जातिवाद और बाजार में मिलावटखोरी पर चिंता व्यक्त की और लोगों से शुद्धता बनाए रखने तथा एकजुट रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाषण देते हुए बृजभूषण सिंह ने कहा कि देशभर में राजनीतिक जातिवादी संग्राम बढ़ता जा रहा है और लोग जातियों में बंटते जा रहे हैं। 

उन्होंने बताया कि पहले केवल चार जातियां थीं, जो कर्म के आधार पर बनी थीं, लेकिन अब इन जातियों के भीतर उप-जातियां बन रही हैं, जिसका उद्देश्य व्यक्तिगत लाभ प्राप्त करना है। सांसद ने लोगों को संबोधित करते हुए सभी से एक गाय पालने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि बड़ी गाय पालना संभव न हो तो कम दूध देने वाली देशी गाय भी रखें, ताकि घर में शुद्ध दूध उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही उन्होंने बाजार में मिलावट और उत्पादों की गुणवत्ता पर चिंता जताई, विशेषकर पनीर जैसे चीजों में। 

इस धार्मिक आयोजन में उन्होंने अपने पहलवानी गुरु बाबा हरिशंकर दास के बारे में अपनी यादें साझा कीं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम एकता को बढ़ावा देता है और गरीबों को जोड़ता है। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह और वस्त्र वितरण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों महिलाओं को साड़ियां और पुरुषों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों को प्रसाद और भोजन भी वितरित किया गया। 

पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे अपने हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जहां हेलीपैड और मंच पर समर्थकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। कार्यक्रम में बाबा मनीराम दास, शिक्षक नेता अभिषेक सिंह, अनिल पाण्डेय, राहुल सिंह, रवि प्रताप सिंह, सौरभ दास, प्रहलाद कुमार विमल सहित हजारों लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें : 
महाशिवरात्रि: इतिहास समेटे यूपी के सहारनपुर का सिद्धपीठ मन्केश्वर महादेव, समुंद्र मंथन काल से जुड़ा... जानें क्यों है खास

संबंधित समाचार