डीजी हेल्थ पहुंचे BRD अस्पताल : औचक निरीक्षण में मिली खामियों पर दिये निर्देश
लखनऊ, अमृत विचार : चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण ने भाऊराव देवरस अस्पताल (बीआरडी) का औचक निरीक्षण किया। बीआरडी अस्पताल पहुंचे चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महानिदेशक को मौके पर कई खामियां मिली हैं, जिस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की है और खामियों को समय रहते दुरुस्त करने का निर्देश भी दिया है। आने वाले समय में राजधानी के अन्य अस्पतालों में डीजी हेल्थ का औचक निरीक्षण जारी रहेगा।
दरअसल, शनिवार देर रात करीब 11 बजे चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. पवन कुमार बीआरडी अस्पताल पहुंचे। स्वास्थ्य महानिदेशक (Director General of Health) के अचानक अस्पताल पहुंचने की खबर से वहां हड़कंप मच गया। डीजी हेल्थ सबसे पहले अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे। वहां अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनीष इमरजेंसी ड्यूटी कर रहे थे। इमरजेंसी के बाद डीजी हेल्थ सीधे वार्डो में भर्ती मरीजों से मिलने पहुंचे। वहां उन्होंने मरीजों से बात की और मिल रहे इलाज के बारे में पूछा। इसके बाद उन्होंने अस्पताल में ऑक्सीजन की उपलब्धता को भी जांचा। औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था में ठीक करने, उपकरणों को उचित स्थान पर रखने और स्टाफ को समय पर अस्पताल पहुंचने का निर्देश दिया है। हालांकि इस दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महानिदेशक ने मरीजों को मिल रही सरकारी सुविधाओं पर खुशी भी जाहिर की है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. पवन कुमार ने बताया है कि अस्पताल प्रशासन को इमरजेंसी में व्यवस्थायें सुधारने के निर्देश अस्पताल प्रशासन को दिये गये हैं। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि वह अन्य अस्पतालों का भी निरीक्षण करेंगे।
