Bareilly: खोया मोबाइल अब नहीं होगा लापता, बरामदगी में प्रदेश में बरेली नंबर वन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मोबाइल गुम हो जाएं तो आम आदमी उसे मिलने की उम्मीद छोड़ देता है, लेकिन बरेली पुलिस ने यह सोच बदल दी है। जनवरी में खोए मोबाइल खोजकर लोगों को लौटाने में बरेली ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। यह एसएसपी अनुराग आर्य की मॉनिटरिंग और कार्रवाई के दम पर हुआ है।

जनवरी में कुल 219 मामले मोबाइल ट्रेस के लिए दर्ज हुए। इनमें से 130 मोबाइल बरामद कर सीधे उनके मालिकों के हाथ में सौंप दिए गए। रिकवरी प्रतिशत 59.36 रहा, जबकि बरामद मोबाइल की संख्या के आधार पर वॉल्यूम स्कोर सौ प्रतिशत रहा। सत्तर-तीस के फार्मूले से निकला अंतिम स्कोर 71.55 रहा, जिसने बरेली को प्रदेश में पहला स्थान दिलाया।

पहले मोबाइल गुम होने पर लोग थाने के चक्कर काटते थे। अब तस्वीर बदली हुई है। शिकायत दर्ज होते ही पुलिस टीम सक्रिय होती है। आईएमईआई नंबर के जरिए ट्रेसिंग, नेटवर्क कंपनियों से तालमेल और लगातार फॉलोअप और इसी रणनीति ने नतीजे बदले। एसएसपी की निगरानी में थानों को साफ संदेश दिया गया कि मोबाइल गुमशुदगी को हल्के में लेने की गलती बर्दाश्त नहीं होगी। साइबर सेल ने तकनीकी जांच और डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए मोबाइल की लोकेशन खंगाली।

कई मोबाइल दूसरे जनपदों से भी बरामद किए गए। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि यह सिलसिला यहीं नहीं रुकेगा। मोबाइल गुम होने पर तुरंत सूचना देने और आईएमईआई नंबर सुरक्षित रखने की सलाह दी जा रही है। खोए मोबाइल की वापसी ने साबित कर दिया कि जब निगरानी सख्त हो और मंशा साफ हो, तो नतीजे भी नंबर वन ही आते हैं।

 

संबंधित समाचार