केजीएमयू में मजार विवाद ने पकड़ा तूल, सैयद बाबर अशरफ को भेजा गया कानूनी नोटिस
लखनऊ, अमृत विचार : किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) परिसर में स्थित मजारों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। ऑल इंडिया मोहम्मदी मिशन के महासचिव सैयद बाबर अशरफ के आरोपों के बाद केजीएमयू प्रशासन ने उन्हें कानूनी नोटिस भेजा है।
केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने आरोपों को साजिश करार देते हुए कहा कि मिशन की ओर से लिखे जा रहे पत्रों से समाज में भ्रम फैलाया जा रहा है। उनका कहना है कि मजारों से अतिक्रमण हटाने और नोटिस चस्पा करने का निर्णय किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि गठित कमेटी का सामूहिक फैसला है। उन्होंने आशंका जताई कि उनके खिलाफ नकारात्मक माहौल बनाकर व्यक्तिगत नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है, इसलिए महासचिव को लीगल नोटिस भेजा गया है।
इधर, ऑल इंडिया मोहम्मदी मिशन की ओर से विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। सैयद बाबर अशरफ के पुत्र सैयद बाबर इस्लाम ने चौक कोतवाली में तहरीर देकर कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद और प्रवक्ता डॉ. केके सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। तहरीर में नेत्र रोग विभाग के पीछे स्थित हजरत शाह कवामुद्दीन अब्बासी उर्फ हाजी हरमैन शाह की मजार को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।
