कानपुर : वायरल वीडियो पर महिला कर्मचारी आस्था सिंह ने दी सफाई, कहा- 'जांच होनी चाहिए'
लखनऊ/कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित एचडीएफसी बैंक की एक शाखा से एक महिला कर्मचारी और ग्राहक के बहस का वीडियो पिछले दिनों वायरल हुआ था। मंगलवार को कर्मचारी ने घटना पर अपना पक्ष रखते हुए जांच की मांग की। आस्था सिंह ने एक न्यूज एजेंसी से बात करते हुए बताया कि यह घटना 6 जनवरी को हुई थी और इसमें बैंक की एक कर्मचारी का पति शामिल था।
आस्था सिंह ने कहा, "यह घटना 6 जनवरी की है। इसमें हमारे बैंक की एक कर्मचारी का पति शामिल है। मैं स्वयं इसकी जांच की मांग कर रही हूं। इससे पहले, हमारे बैंक कर्मचारी का पति आया था और उसने अपशब्दों का प्रयोग किया था।" घटनाक्रम को समझाते हुए उन्होंने कहा कि उनका एक महिला कर्मचारी के साथ संक्षिप्त विवाद हुआ था, जो जल्दी ही समाप्त हो गया।
आस्था ने कहा, "मेरा एक छोटा सा विवाद हुआ था और वह विवाद लगभग एक मिनट तक चला और वहीं समाप्त हो गया।" उन्होंने आगे दावा किया कि यह मुद्दा कार्यभार सौंपने की प्रक्रिया को लेकर उठा था और कॉर्पोरेट प्रक्रियाओं में समय लगता है और उन्हें तुरंत पूरा नहीं किया जा सकता है।
https://twitter.com/MuskanDixit07/status/2021090247040434504?s=20
आस्था सिंह ने बताया, "समस्या यह थी कि जब आप किसी कंपनी में शामिल होते हैं या उसे छोड़ते हैं, तो औपचारिकताएं बहुत लंबी होती हैं। जब आप कैशियर के रूप में काम कर रहे होते हैं, तो आपको चाबियां सौंपने और सभी बुनियादी औपचारिकताएं पूरी करने की जिम्मेदारी होती है।" उन्होंने कहा, "मैं आपको बता सकती हूं कि कुछ संगठनों में कार्यभारमुक्ति की अवधि तीन महीने होती है और कुछ में 30 दिन की होती है। बैंक कर्मचारी उसी दिन कार्यभारमुक्त होना चाहती थी।"
उन्होंने एक न्यूज एजेंसी को बताया, "बैंक स्टाफ का पति अंदर आया और मेरी टेबल के पास आकर बोला, 'तुम कौन सी जाति की हो जो अहंकार दिखा रही हो? इसके बाद गलत शब्दों का प्रयोग करने लगा।" आस्था सिंह ने दावा किया कि उन्होंने किसी को महिला कांस्टेबल बुलाने के लिए कहा था और सवाल उठाया कि एक महिला से इस तरह के व्यवहार को कैसे सहन करने की उम्मीद की जा सकती है। यह घटना बैंक की पंकी शाखा में घटी।
वीडियो में कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते और विवाद के दौरान जातिगत टिप्पणी करते हुए कर्मचारी को देखा जा सकता है, जिसकी पहचान कई रिपोर्टों में आस्था सिंह के रूप में हुई है। लगभग 43 सेकंड लंबा यह फुटेज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स सहित कई प्लेटफॉर्मों पर वायरल हुआ था। वीडियो में सिंह अपनी सीट से उठकर चिल्लाती हुई और आक्रामक ढंग से लैपटॉप को पुरुष ग्राहक की ओर ताने हुए दिखाई दे रही हैं।
