Uttrakhand: काठगोदाम में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, दो को मारी टक्कर, सीसीटीवी में हादसा कैद
हल्द्वानी, अमृत विचार। काठगोदाम-गौलापार हाईवे पर आधी रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर देखने को मिला। स्कॉर्पियों ने सड़क किनारे खड़ी कार को टक्कर मारी और रेस्टोरेंट से खाना खाकर निकल रहे दो लोगों को चपेट में ले लिया। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस मामले में तहरीर का इंतजार कर रही है।
काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा के मुताबिक, घटना सोमवार रात तकरीबन 12 बजे की है। गौलापार रोड स्थित खेड़ा में एक रेस्टोरेंट है। रात गौलापार क्षेत्र में रहने वाले वसीम खां और जिशान खां खाना खाकर रेस्टोरेंट से बाहर निकल रहे थे। रेस्टोरेंट के बाहर एक कार खड़ी थी। जैसे ही दोनों कार के पीछे पहुंचे तभी गौलापार पुल की ओर से आई एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले कार में टक्कर मारी और फिर दोनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना दोनों बुरी तरह घायल हुए।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो रुक गई। जिस पर स्थानी लोगों ने चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां दोनों की हालत ठीक बताई जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि चालक के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। कार का चालक गौलापार क्षेत्र का ही रहने वाला है।
