T20 Internationals में भारतीय महिला टीम की गेंदबाजों का दबदबा बरकरार, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अजेय बढ़त हासिल करना लक्ष्य 

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

कैनबराः भारतीय महिला क्रिकेट टीम गुरुवार को यहां जब दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में ऑस्ट्रेलिया का सामना करेगी तो वह पहले मैच में तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से प्रेरणा लेने की कोशिश करेगी। तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी ने पहले मैच में चार विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी को झकझोर दिया था। ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर भी पूरे नहीं खेल पाई और केवल 133 रन पर आउट हो गई। भारतीय बल्लेबाजों को हालांकि बारिश के कारण खेलने का खास मौका नहीं मिला।

भारत ने यह मैच डकवर्थ-लुईस प्रणाली के आधार पर जीता जिसमें केवल सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ही कुछ समय क्रीज पर बिता पाईं। लेकिन भारत की बल्लेबाजी मजबूत है और उसके खिलाड़ियों ने हाल में महिला प्रीमियर लीग में खेला था जिससे वह अच्छी तैयारी के साथ ऑस्ट्रेलिया आई है।

भारत एक बार फिर शेफाली की तूफानी शुरुआत पर निर्भर रहेगा, जिन्होंने पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व कप फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया था। इसके अलावा मंधाना की करिश्माई बल्लेबाजी तथा कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्स की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी। इस साल इंग्लैंड में होने वाले महिला टी20 विश्व कप को देखते हुए भारत के लिए यह श्रृंखला काफी महत्वपूर्ण है।

तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला जीतने से भारत को आत्मविश्वास मिलेगा। तेज गेंदबाज रेणुका सिंह का प्रदर्शन उत्साहजनक रहा, जिन्होंने चार किफायती ओवर फेंके और दो विकेट लिए। अरुंधति के साथ मिलकर इस जोड़ी ने छह विकेट लिए। यह भारत के लिए बहुत अच्छा संकेत है क्योंकि वह अभी तक सफलता हासिल करने के लिए दीप्ति शर्मा और श्री चरणी जैसी स्पिन गेंदबाजों पर निर्भर रहा है। नई कप्तान सोफी मोलिनी की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलिया की टीम बदला लेने और श्रृंखला बराबर करने के लिए बेताब होगी। उसकी टीम में भले ही विश्व क्रिकेट की दिग्गज खिलाड़ी बेथ मूनी, फोएबे लिटफील्ड, एलिसे पेरी और एशले गार्डनर शामिल हैं लेकिन ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों पर भारी दबाव होगा। 

टीम इस प्रकार हैं:

ऑस्ट्रेलिया: सोफी मोलिनी (कप्तान), ताहलिया मैकग्रा, डार्सी ब्राउन, निकोला कैरी, किम गार्थ, ग्रेस हैरिस, फोबे लिट्चफील्ड, बेथ मूनी, एलिसे पेरी, मेगन शट, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहैम। 

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, भारती फुलमाली, क्रांति गौड़, ऋचा घोष (विकेटकीपर), गुनालान कमलिनी, अमनजोत कौर, श्रेयंका पाटिल, स्नेह राणा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, जेमिमा रोड्रिग्स, शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, श्री चरणी, वैष्णवी शर्मा। 

मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1:45 बजे शुरू होगा। 

संबंधित समाचार