बोर्ड परीक्षा : नकलविहीन परीक्षा पर जोर.. डीएम ने किया सीतापुर में औचक निरीक्षण, दिए निर्देश
सीतापुर। सीतापुर में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने बुधवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों और व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने प्रथम पाली में राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, वॉइस रिकॉर्डिंग व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध शुद्ध पेयजल की गुणवत्ता का जायजा लिया।
उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इसके बाद जिलाधिकारी ने राजा रघुवर दयाल इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया, जहां सुरक्षा प्रबंध, परीक्षार्थियों की बैठने की व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई।
साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया गया, जहां से जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में बोर्ड परीक्षाएं पूरी तरह नकलविहीन और व्यवस्थित ढंग से कराई जाएंगी।
इसके लिए प्रशासन, शिक्षा विभाग और पुलिस के बीच समन्वय बनाकर सतत निगरानी रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
