मत्स्य योजनाओं में गड़बड़ी पर बड़ा एक्शन, कानपुर मंडल का स्टाफ मुख्यालय अटैच
लखनऊ, अमृत विचार। मछुआ समाज से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं में अनियमितता के आरोपों पर प्रदेश सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने कहा कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत योजनाओं में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना और निषाद राज बोट योजना में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद मंगलवार को मत्स्य मंत्री द्वारा कानपुर मंडल में व्यापक कार्रवाई की गई। कानपुर मंडल की उपनिदेशक सुनीता वर्मा समेत मंडलीय कार्यालय के श्रेणी-वन से फोर तक के सभी कर्मचारियों को मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है। सहायक निदेशक मत्स्य, कानपुर कार्यालय के कर्मचारियों को भी मुख्यालय से संबद्ध किया गया है।
सहायक निदेशक कार्यालय में तैनात एसएफआई सुनील कुमार को निलंबित कर दिया गया है। शासन ने लखनऊ मंडल की उपनिदेशक सृष्टि यादव को कानपुर मंडल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। साथ ही बुलंदशहर में तैनात सहायक निदेशक जितेंद्र कुमार को कानपुर मंडल के आहरण-वितरण का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। मंत्री डॉ. निषाद ने कहा कि कानपुर प्रकरण में लगातार शिकायतें मिल रही थीं और प्रारंभिक जांच में भ्रष्टाचार की पुष्टि हुई। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
