Bareilly: खाली प्लॉटों पर रहेगी निगम की, कूड़ा डालना पड़ेगा महंगा
बरेली, अमृत विचार। शहर के विभिन्न वार्डों में अब खाली पड़े प्लॉटों की कड़ी निगरानी की जाएगी। लंबे समय से इन प्लॉटों में कूड़ा फेंकने की शिकायतों के मद्देनजर नगर निगम ने नई व्यवस्था लागू की है। अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक वार्ड में सफाई निरीक्षक नियमित रूप से निरीक्षण करेंगे और यदि कहीं कूड़ा पड़ा पाया गया तो आसपास के लोगों से जानकारी जुटाकर जिम्मेदार व्यक्ति पर जुर्माना लगाया जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक विशेष रूप से डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाले ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ भी कई शिकायतें सामने आई हैं। कहा गया है कि कुछ ई-रिक्शा चालक गली-मोहल्लों से कूड़ा उठाने के बाद मौके का फायदा उठाकर खाली पड़े प्लॉटों में फेंक देते हैं। पर्यावरण अभियंता राजीव राठी ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों के बीच अब खाली प्लॉटों पर भी सख्त निगरानी रहेगी। कूड़ा डालने वाले चाहे मोहल्ले के लोग हों या ई-रिक्शा चालक, किसी को भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से भी अनुरोध किया गया है कि वे किसी भी गंदगी डालने वाले की सूचना नगर निगम को दें ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य का कहना है कि यह पहल शहर को गंदगी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाने के उद्देश्य से की जा रही है। इस व्यवस्था से न केवल खाली प्लॉट साफ-सुथरे रहेंगे, बल्कि शहर में सफाई की आदत और लोगों की जिम्मेदारी की भावना भी बढ़ेगी।
