यूपी बोर्ड: पहले दिन हाईस्कूल में 3186 व इंटर में 3017 परीक्षार्थियों ने छोड़ी परीक्षा, दोनों पालियों में रही सख्त निगरानी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

गोंडा, अमृत विचार: जिले में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के पहले दिन हिंदी विषय की परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पहली पाली में हाईस्कूल तथा दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी की परीक्षा आयोजित की गई। पहली पाली में हाईस्कूल के 3186 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के 3017 छात्र-छात्राएं परीक्षा से गैरहाजिर रहे।

पहली पाली की परीक्षा सुबह 8:30 बजे प्रारंभ हुई। इससे पहले सुबह सात बजे से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। अभिभावकों के साथ पहुंचे छात्र-छात्राएं अपना सिटिंग प्लान देखने में व्यस्त रहे। सुबह आठ बजे से परीक्षार्थियों को केंद्रों के भीतर प्रवेश दिया गया। प्रवेश से पहले सभी की सघन तलाशी ली गई। छात्र एवं छात्राओं की जांच के लिए अलग-अलग शिक्षक-शिक्षिकाओं की ड्यूटी लगाई गई थी।

हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए जिले में कुल 151 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस वर्ष 97,340 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। केंद्रों के बाहर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जिला विद्यालय निरीक्षक डा रामचंद्र ने बताया कि दोनों पालियों की परीक्षा प्रशासन की सतर्कता और कड़ी निगरानी के चलते शांतिपूर्ण रही।

कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई यूपी बोर्ड परीक्षा, केंद्रों पर रही सघन चेकिंग 

करनैलगंज: नगर क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों पर बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षाएं शुरू हुईं। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ रही। गेट पर तलाशी के बाद ही छात्रों को प्रवेश दिया गया। कन्हैया लाल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मेजर राजाराम ने बताया कि प्रथम पाली में हाईस्कूल हिंदी विषय में पंजीकृत 615 परीक्षार्थियों में से 38 अनुपस्थित रहे, जबकि 577 ने परीक्षा दी।

द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट के 433 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 23 अनुपस्थित रहे और 410 परीक्षार्थी शामिल हुए। वहीं श्रीचित्रगुप्त इंटर कॉलेज के प्रबंधक वीके श्रीवास्तव के अनुसार प्रथम पाली में हाईस्कूल के 644 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 30 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट के 492 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 27 अनुपस्थित रहे, जबकि 465 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने केंद्रों का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा।

बोर्ड परीक्षा के दौरान छात्रा बेहोश

यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान नगर स्थित श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में बुधवार सुबह एक छात्रा परीक्षा देते समय अचानक बेहोश हो गई। हालांकि विद्यालय प्रशासन ने तत्काल प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक को फोन कर सूचना दी, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद डॉ. मुदस्सिर से संपर्क किया गया। उन्होंने छात्रा को अस्पताल लाने की सलाह देते हुए इलेक्ट्रॉल देने की बात कही। लेकिन सूचना के बावजूद कोई स्वास्थ्य टीम विद्यालय नहीं पहुंची। गनीमत रही कि विद्यालय प्रशासन की तत्परता से छात्रा को समय पर प्राथमिक उपचार मिला और कुछ देर बाद उसकी हालत सामान्य हो गई।

ये भी पढ़ें : 
मोहन भागवत Go back .. लखनऊ विश्वविद्यालय में संघ के शताब्दी समारोह में हंगामा, RSS प्रमुख के खिलाफ लगे नारे

 

संबंधित समाचार