कानपुर की खुशी को बोलता देख भावुक हुए इंस्पेक्टर, बोले– यह चमत्कार है और...
लखनऊ, अमृत विचार: कानपुर स्थित घर से करीब छह माह पहले अकेले पैदल लखनऊ पहुंची मूक-बधिर खुशी (19) मंगलवार को फिर से राजधानी आयी। इसपर परिजन के साथ आयी खुशी ने कोतवाली पहुंचकर हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह से मुलाकात की। खुशी को बोलता देख इंस्पेक्टर विक्रम सिंह काफी भावुक हो गए। इंस्पेक्टर ने उसे उपहार भी दिए। खुशी ने इंस्पेक्टर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का चित्र यादगार के तौर पर उन्हें भेंट किया।
कानपुर के ग्वालटोली अहिराना निवासी खुशी कानपुर से पैदल चलकर 22 नवंबर को लोकभवन के बाहर पहुंची थी। वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने आई थी। तब वह हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को रोती मिली थी। वह मुख्यमंत्री योगी का खुद का बनाया हुआ चित्र लिए थी। मूक-बधिर होने पर इंस्पेक्टर ने मूक बधिर स्कूल से संपर्क किया तो खुशी की बात समझ में आई। जिसके बाद इंस्पेक्टर ने प्रयास कर खुशी व उसके परिजन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलाया था।मुख्यमंत्री के निर्देश पर कानपुर के अस्पताल में खुशी की कॉक्लियर इंप्लांट सर्जरी की गई। जिसके बाद वह फरवरी में बोलने-सुनने लगी। खुशी मंगलवार को पिता कल्लू गुप्ता, मां गीता गुप्ता और भाई जगत गुप्ता के साथ हजरतगंज कोतवाली पहुंची। पहली बार खुशी को बोलते व सुनते देख इंस्पेक्टर भावुक हो गए। खुशी ने भी अपने हाथों से बनाए विक्रम सिंह के वर्दी वाले चित्र को उन्हें भेंट किया। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का चित्र भी उन्हें सौंपा।
