Moradabad : यूपी बोर्ड परीक्षा का पहला दिन... विद्यार्थी बोले अच्छी हुई शुरुआत
दसवीं में 37,100 और बारहवीं में 34,886 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा, 112 कॉलेजों को बनाया गया है केंद्र
मुरादाबाद, अमृत विचार। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की ओर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो गईं। कड़ी निगरानी के बीच पहले दिन सुबह 8.30 बजे शुरू हुई पहली पाली में हाईस्कूल का हिंदी और दोपहर दो बजे की दूसरी पाली में सामान्य हिंदी का पेपर हुआ। परीक्षा केंद्र से बाहर निकलने पर विद्यार्थियों के खिले चेहरे जैसे खुद कह रहे थे कि पेपर उनकी तैयारी के अनुरूप था और अच्छा हुआ। विद्यार्थियों ने बताया कि शुरुआत अच्छी हुई है, यूं ही सभी पेपर आए तो क्या ही कहने हैं।
सुबह की परीक्षा में 39593 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें 37100 उपस्थित रहे और 2493 विद्यार्थियों ने परीक्षा से किनारा किया। दोपहर की पाली में बारहवीं की हिंदी की परीक्षा में 36285 परीक्षार्थियों में से 34886 उपस्थित और 1399 अनुपस्थित रहे। किसी भी केंद्र से कोई नकल करते यानी अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए नहीं पकड़ा गया। परीक्षा छूटने के बाद कई केंद्रों के बाहर जाम की स्थिति बनी। सिविल लाइंस, पीलीकोठी चौराहा, गुरहट्टी, लाजपतनगर आदि जगहों पर जाम के हालात बन गए। परीक्षा के लिए जिले में 112 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल भी तैनात रहा। सचल दस्तों ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बने कंट्रोल रूम से परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की गई। केंद्रों के कैमरे चलते मिले। कई बार नेट की स्पीड कम होने के चलते केंद्रों का संपर्क भी टूटा। डीआईओएस देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि कंट्रोल रूम के एक कंप्यूटर से दस-दस केंद्रों को जोड़ा गया है।
रजिस्ट्रेशन और आधार कार्ड नहीं
विद्यार्थियों को निर्देश थे कि प्रवेश पत्र के साथ ही एक अन्य पहचान पत्र की कॉपी लेकर पहुंचे। पहले ही कुछ परीक्षार्थियों के पास रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र और आधार कार्ड नहीं मिला। ऐसे में अधिकांश परीक्षार्थियों को अंडर टेकिंग लेते हुए परीक्षा में बैठाया गया और अगली परीक्षा में सभी कागज साथ लाने की चेतावनी दी।
तलाशी में मिले मोबाइल फोन और सिगरेट के पैकेट
परीक्षा केंद्रों के बाहर छात्रों की तलाशी के दौरान कई केंद्रों पर छात्रों के पास से मोबाइल फोन मिले। कुछ छात्रों की जेब से सिगरेट और पान मसाले के पैकेट भी मिले। जिन्हें बाहर फेंकवा दिया गया। पढ़ाई के लिए लाए गए मॉडल पेपर भी केंद्रों के बाहर रखवा दिए गए। दूसरी पाली की परीक्षा संपन्न होते हुए कुछ विद्यार्थी केंद्र के पास दुकान पर सिगरेट पीने और गुटखा खाने के लिए इकट्ठे हो गए।
प्रार्थना कर परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थी
यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन अच्छी शुरुआत के साथ ही बेहतर परिणाम के लिए कोई मंदिर में भगवान से प्रार्थना कर तो कोई माता-पिता से आशीर्वाद लेकर परीक्षा देने पहुंचा। माताओं ने बच्चों का तिलक कर उनका मुंह भी मीठा कराया। किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए विद्यार्थी निर्धारित समय से एक घंटा पहले ही परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए। बच्चों का मनोबल बढ़ाने के लिए अभिभावक भी उनके साथ पहुंचे।
बोले परीक्षार्थी
परीक्षा की शुरुआत उम्मीद से अच्छी हुई है। समय प्रबंधन के हिसाब से पेपर दिया गया था। निश्चित ही अच्छे अंक आने का विश्वास है। - महिमा मैसी, छात्रा, दसवीं।
पिछले वर्ष के मॉडल पेपर हल करने का फायदा मिला। लगभग पेपर उसी के अनुरूप था। शिक्षकों के टिप्स काफी काम आए। - ज्योति, छात्रा, दसवीं।
नियमित रूप से रिवीजन करने का परिणाम यही रहा कि पेपर जब सामने आया तो सभी प्रश्न ऐसे प्रतीत हो रहे थे जैसे कुछ देर पहले ही पढ़े हों। - ऋषभ, छात्र, बारहवीं।
पहले दिन थोड़ी सी घबराहट थी लेकिन प्रश्नपत्र सामने आते ही सारा डर जैसे छूमंतर हो गया। - मनीष, छात्र, बारहवीं।
