UP Board Exam : यूपी बोर्ड परीक्षा के दूसरे दिन 27 हजार ने छोड़ी परीक्षा
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं के दूसरे दिन गुरुवार को कुल 27 हजार 52 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में सुबह 8:00 बजे से 11:45 बजे तक हाईस्कूल की कंप्यूटर तथा इंटरमीडिएट की काष्ठ शिल्प, ग्रंथ शिल्प, सिलाई शिल्प और व्यावसायिक वर्ग की परीक्षाएं आयोजित की गईं।
इस पाली में कुल 96,296 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 91,530 ने परीक्षा दी, जबकि 4,766 अनुपस्थित रहे। यह परीक्षा 3,005 केंद्रों पर संपन्न कराई गई। दूसरी पाली में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक हाईस्कूल की सिलाई और इंटरमीडिएट की नागरिक शास्त्र की परीक्षा आयोजित हुई। इस पाली में 3,92,274 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 3,69,988 ने परीक्षा दी और 22,286 ने परीक्षा छोड़ दी।
दूसरी पाली की परीक्षा 7,214 केंद्रों पर कराई गई। परीक्षा के दौरान नकल पर कड़ी निगरानी रखी गई। गुरुवार को इंटरमीडिएट की परीक्षा में एक परीक्षार्थी नकल करते पकड़ा गया। अब तक कुल चार परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े जा चुके हैं। आज किसी भी केंद्र पर 'मुन्ना भाई' का मामला सामने नहीं आया।
बोर्ड परीक्षा से संबंधित अनियमितताओं के मामले में अब तक कुल छह लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने विज्ञप्ति जारी कर परीक्षा से संबंधित आंकड़ों और कार्रवाई की जानकारी दी। बोर्ड प्रशासन के अनुसार परीक्षाएं शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा रही हैं।
