Lucknow News:बच्चों की जान जोखिम में... बिना परमिट चल रहे 1000 स्कूली वाहन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचारः शहर के स्कूलों में लगभग 1000 वाहन बिना अनुबंध और बिना स्कूल परमिट के संचालित किए जा रहे हैं। इतना ही नहीं इन वाहनों में सुरक्षा मानकों और अन्य नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा है। इससे बच्चों की जान जोखिम में रहती है। ये चौकाने वाली रिपोर्ट मिशन भरोसा ने जारी की है।

नियमों के अनुसार स्कूल वैन में चालक सहित अधिकतम आठ सवारियों की अनुमति है। किंतु ज्यादातर वाहनों में इससे कहीं अधिक बच्चों को बैठाया जाता है। कई वाहनों में फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा तक नहीं है। आरटीओ प्रवर्तन प्रभात पांडेय ने बताया कि मिशन भरोसा की रिपोर्ट के आधार पर अवैध रूप से संचालित स्कूल वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है। जिलाधिकारी के निर्देशों पर जल्द ही व्यापक जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक स्कूलों में वैन और बसों का संचालन मुख्य रूप से दो तरीकों से किया जाता है। पहला स्कूल प्रबंधन द्वारा परिवहन विभाग में विधिवत पंजीकृत वाहन। दूसरा निजी संचालकों के माध्यम से अनुबंध पर चलने वाले वाहन। इसके अलावा तीसरे तरीके से कई अभिभावक सीधे निजी वैन चालकों से संपर्क कर बच्चों को स्कूल भेजते और घर मंगवाते हैं। इन्हीं में बड़ी संख्या ऐसे वाहनों की है जो बिना परमिट और बिना औपचारिक अनुबंध के सड़कों पर दौड़ रहे हैं।

संबंधित समाचार