Bareilly : घी, रिफाइंड ऑयल अधोमानक, चाय पत्ती, धनिया और हल्दी पाउडर मिला असुरक्षित
चटपटा पास्ता में लंप्स एवं फंगस, भुने चने में औरामाइन रंग, तीखा मिर्च पाउडर में सूडान टू, सूडान थ्री व चायपत्ती में सनसेट यलो रंग की मिली मिलावट
बरेली, अमृत विचार। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से पिछले साल छापेमारी कर विभिन्न प्रतिष्ठानों से भरे गए खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट झांसी स्थित प्रयोगशाला से आ गई है। जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे गए सैंपलों की रिपोर्ट में देशी घी, रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, धनिया-हल्दी पाउडर में मिलावट और चटपटा पास्ता में लंप्स एवं फंगस, भुने चने में औरामाइन रंग, तीखा मिर्च पाउडर में सूडान टू, सूडान थ्री, चायपत्ती में सनसेट यलो रंग की मिलावट पाई गई। घी, रिफाइंड ऑयल समेत कई खाद्य पदार्थोें को अधोमानक, जबकि चाय पत्ती, धनिया और हल्दी पाउडर को असुरक्षित घोषित किया है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश कुमार शुक्ला ने 2 जुलाई 2025 को परसाखेड़ा औद्याेगिक आस्थान की एचएन फूड प्रोडक्ट से चटपटा पास्ता मसाले का नमूना भरा था। राजकीय खाद्य प्रयोगशाला झांसी की रिपोर्ट में नमूना अधोमानक एवं असुरक्षित घोषित किया गया है। नमूने में लम्प्स एवं फंगल ग्रोथ पायी गयी। पिछले साल 16 दिसंबर को खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेन्द्र कुमार ने श्यामगंज स्थित मूर्ति इंटरप्राइजेज से भुने चने का नमूना भरा। प्रयोगशाला की जांच में नमूना असुरक्षित घोषित किया। औरामाइन रंग से रंगा पाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रवीन कुमार राय ने 15 अक्टूबर 2025 को बिथरी चैनपुर रोड पर नरियावल के बाला जी ट्रेडर्स से राजहंस हेल्थ रिफाइंड सोयाबीन ऑयल का नमूना भरा। प्रयोगशाला झांसी की जांच में नमूना अधोमानक मिला। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल प्रताप सिंह ने इसी वर्ष 3 फरवरी को सिविल लाइंस निकट पटेल चौक के पास स्थित दीपक स्वीट्स एंड आइसक्रीम प्रा. लि. से घी का नमूना भरा। राजकीय खाद्य प्रयोगशाला झांसी की रिपोर्ट में नमूना अधोमानक घोषित किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश और अनिल प्रताप सिंह ने 2 फरवरी को आईवीआरआई रोड पर ब्रिज बिलास मार्केट के प्रतिष्ठान मुल्ला जी चावल वाले से धनिया पाउडर (सप्तऋषि ब्रांड) एवं हल्दी पाउडर (सप्त ऋषि ब्रांड) के नमूने भरे। राजकीय खाद्य प्रयोगशाला लखनऊ की जांच में नमूने अधोमानक घोषित किए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्रजीत सिंह द्वारा भरे तीखा मिर्च पाउडर (सप्त ऋषि ब्रांड) का नमूना जांच में असुरक्षित घोषित किया गया। नमूने में सूडान टू एवं सूडान थ्री की उपस्थिति पायी गयी है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील सचान ने 15 सितंबर, 2025 को शाहदाना रोड श्यामगंज के रिच इंडिया टी प्रा.लि. से चायपत्ती (एटीसी ब्रांड) का नमूना भरा। राजकीय खाद्य प्रयोगशाला झांसी की जांच में नमूना अधोमानक एवं असुरक्षित घोषित किया। नमूने में सनसेट यलो रंग की उपस्थिति पायी गयी है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षत गोयल ने बताया कि सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की धारा-46 (4) के तहत 30 दिन का समय दोबारा अपील करने के लिए दिया गया है। समय पर अपील प्राप्त न होने पर संबंधित कारोबारी के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।
