बाराबंकी : BSF कमांडेंट को नम आंखों से दी गई विदाई

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

रामसनेहीघाट, बाराबंकी, अमृत विचार : तहसील क्षेत्र के संतोषीकपुरवा गांव ने शुक्रवार को अपने वीर सपूत, बीएसएफ कमांडेंट सर्वेश कुमार तिवारी को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। जैसे ही उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। भारत माता की जय और अमर रहे के नारों के बीच माहौल भावुक हो उठा। 

दरअसल, उनकी तैनाती बहरामपुर में बांग्लादेश बॉर्डर पर थी। करीब 40 दिन पूर्व अचानक तबीयत बिगड़ने पर उनका प्रारंभिक उपचार कोलकाता के विभागीय अस्पताल में कराया गया। हालत में सुधार न होने पर उन्हें लखनऊ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 15 दिनों तक इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। पार्थिव शरीर गांव पहुंचने पर अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। 

बीएसएफ के जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया। तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर को सलामी दी गई और राष्ट्रगान के बीच अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। स्वर्गीय तिवारी अपने पीछे पत्नी संध्या तिवारी, पुत्र उत्कर्ष और तुषार सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। अंतिम संस्कार में राज्य मंत्री के प्रतिनिधि प्रदीप द्विवेदी, क्षेत्रीय सामाजिक एवं वित्तविहीन माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष तेजकुमार, विवेक तिवारी, मधुकर तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। गांव वासियों ने कहा कि सर्वेश तिवारी पर पूरे क्षेत्र को गर्व है।

ये भी पढ़ें : सीएम योगी का शिक्षामित्रों के लिए बड़ा ऐलान, 1 अप्रैल से बढ़ेगा मानदेय, अब मिलेगें 18 हजार

संबंधित समाचार