कानपुर में भाजयुमो का प्रदर्शन, फूंका राहुल गांधी का पुतला, कांग्रेस को कहा देश विरोधी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। नई दिल्ली के भारत मंडपम में एआई एक्सपो समिट में युवा कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में शनिवार को कानपुर में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका। भाजयुमो के जिलाध्यक्ष शिवांग मिश्रा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता किदवई नगर इलाके में एकत्र हुये और युवा कांग्रेस के कृत्य की निंदा करते हुये विरोध प्रदर्शन किया। 

भाजयुमो कार्यकताओं ने कांग्रेस के देश विरोधी नारों से पटी तख्तियां लिये हुये थे।पुलिस बल ने कार्यकर्ताओं से पुतला छीनने की कोशिश की मगर सफल नहीं हुये। मिश्रा ने कहा कि युवा कांग्रेस का प्रदर्शन राहुल गांधी की शह पर हुआ है। प्रधानमंत्री पर टिप्पणी करना अशोभनीय है। राहुल गांधी हर उस कार्य में हस्तक्षेप करते हैं जो देश के हित के लिए होता है इसलिए वह देशद्रोही भी है। 

अगर राहुल गांधी अभी भी नहीं चेते तो भारतीय जनता पार्टी का युवा मोर्चा उनको संसद में नहीं घुसने देगा। गौरतलब है कि भारत मंडपम में चल रहे इंडिया एआई एक्सपो समिट में शुक्रवार को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था और नारेबाजी की थी। इसके विरोध में भाजयुमो के कार्यकताओं ने देश के कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन किया है। 

संबंधित समाचार